हुड्डा चाहेंगे तो उनका अच्छा इलाज करवा दूंगा : विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
11 हजार करोड़ के बैंकिंग फ्रॉड के कथित आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी की फरारी के बाद विपक्ष सरकार पर हमलावर है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि सरकार का इसमें क्या लेना देना। यह तो बैंक की डे टू डे वर्किंग का मामला है। अगर कसूर है तो ये बैंक है और बैंक के अधिकारियों का कसूर है। जैसे ही एफआईआर दर्ज हुई वैसे ही सरकार ने एक्शन किया है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रथयात्रा पर भी चुटकी ली। विज ने कहा कि डॉक्टरों ने हुड्डा को आराम करने की सलाह दी है। इसके बावजूद वे रथ पर चढ़ने की जिद कर रहे हैं। हो सकता है वो जानबूझकर लेटे हुए हों। हो सकता है वो ढोंग कर रहे हों। विज ने कहा कि मैं स्वास्थ्य मंत्री हूं, यदि हुड्डा चाहेंगे तो उनका अच्छा इलाज करवा दूंगा।