सड़क हादसे में छात्र की मौत
सड़क हादसे में छात्र की मौत, टिप्पर चालक फरार
नारायणगढ़। नारायणगढ़ स्थित पशु चिकित्सालय से अपनी भैंस को दवा दिलवाकर वापस जा रहे छात्र को सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में बुरी तरह घायल हुए छात्र ने जहां चंडीगढ़ अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। कालाअंब रोड पर हुए इस हादसे में टिप्पर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
गांव बड़ी रसौर वासी अनुज, जो स्थानीय ब्लू बैल्स स्कूल का बारहवीं कक्षा का छात्र था। वह अपनी भैंस को दवाई दिलवाने के उद्देश्य से नारायणगढ़ लाया था। दवाई दिलवाने के बाद जब वह अपनी माता उषा देवी के साथ गांव लौट रहा था तो कालाअंब रोड पर एक ढाबे के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने अनुज को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में अनुज व उसकी भैंस घायल हो गई। घायल अनुज को नारायणगढ़ के सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद से चंडीगढ़ अस्पताल रेफर किया गया जहां अनुज की मृत्यु हो गई। हादसे के बाद टिप्पर चालक फरार हो गया।