मुलाना। किसान विनोद सैनी निवासी मुलाना ने सीएम विंडो पर शिकायत देकर गुहार लगाई है कि उसका चोरी हुआ ट्रैक्टर ढूंढा जाए। उन्होंने बताया कि 18 जून को उनका ट्रैक्टर चोरी हो गया था। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दी। लेकिन इसके बावजूद अभी तक उनके चोरीशुदा ट्रैक्टर का कोई पता नहीं चल पाया है, जबकि इन दिनों से आर्थिक परेशानियां झेल रहा है। ट्रैक्टर न होने के कारण खेती के लिए ट्रैक्टर आदि किराये पर लेना पड़ रहा है, जिससे उसका दोहरा नुकसान हो रहा है। थाना प्रभारी मुलाना मेहर सिंह ने बताया कि चोरी हुए ट्रैक्टर को ढूंढने के लिए पुलिस ने साइबर सैल की मदद से कुछ संदिग्ध नंबर ट्रेस किए हैं, जिस पर कार्रवाई चल रही हैं। जल्द ही ट्रैक्टर का भी पता चल जाएगा।
हत्या की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार
अंबाला। थाना अंबाला शहर में दर्ज हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी रवि कुमार निवासी पुरानी बकरा मंडी अंबाला शहर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। इस मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। शिकायतकर्ता लक्की सिंह निवासी मंगत राम का अहाता जोगीवाड़ा अंबाला शहर ने 03 फरवरी 2017 को थाना अंबाला शहर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी सन्नी और रवि ने 2 फरवरी 2017 को उसे व उसके माता-पिता से पत्थरों द्वारा मार पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी है।
जान से मारने की धमकी देने वाले पांच गिरफ्तार
अंबाला। थाना नग्गल के क्षेत्र गांव पिंजोला में जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी हाकम सिंह, नायब सिंह, राम रक्खा, मदन लाल व गुरध्यान सिंह वासीयान गांव पिंजोला थाना नग्गल जिला अंबाला को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेजा गया है। शिकायतकर्ता होशियार सिंह निवासी गांव पिंजोला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने मिलकर 9 जुलाई 2017 की सांय उसे व उसके भाई को जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी।