शहजादपुर। स्थानीय पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम का सायरन अचानक बज गया। पुलिस के भी इस दौरान पसीने छूट गए कि कहीं कोई वारदात न हुई हो। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पीएनबी के एटीएम का सायरन अचानक बजने लगा। इसी दौरान पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और जायजा लिया। इस दौरान हालांकि पुलिस को कुछ संदिग्ध नहीं लगा, जबकि सायरन लगातार बजता रहा। मौके पर काफी लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई, जबकि पुलिस इसी में उलझी रही कि आखिर इसे बंद कैसे किया जाए। करीब आधे घंटे के बाद एटीएम पर पहुंचे सुरक्षा कर्मी सुखविंदर सिंह ने यह सायरन बंद किया। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण यह सब हुआ।