अंबाला कैंट। अखिल भारती विद्यार्थी परिषद की ओर से कैंट के राजकीय कालेज में पानी की असुविधा व शौचालय की सफाई न होने के बारे में कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया। परिषद के कॉलेज इकाई के अध्यक्ष धनंजय ने कहा कि कॉलेज में कभी-कभी ही पानी मिलता है और कॉलेज में छात्रों की सुविधा के लिए लगाए गए वॉटर कूलर भी खराब पड़े है जिस कारण छात्रों को पास में गुरूद्वारे में जाकर पानी पीना पड़ता है। साथ ही वॉटर कूलर की पाईपें भी टूटी हुई है जिससे पानी आस पास गिरता है पास के मैदान कीचड़ हो जाता है। वहीं शौचालयों की पूर्ण रूप से सफाई नहीं होती है न तो शौचालयों में पानी की व्यवस्था है और शौचालयों में लगी सीट भी पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कक्षाओं में पंखे व एलईडी बल्ब का उचित प्रबंध करने के लिए कहा। यदि कॉलेज की ओर से इन समस्याओं का जल्दी से समाधान नहीं किया गया तो संगठन अपना आंदोलन शुरू करेगा।