संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम स्थित ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में आवासीय तैराकी खेल अकादमी के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए गए। ट्रायल में भाग लेने के लिए प्रदेश भर के 11 जिलों पानीपत, फतेहाबाद, करनाल, जींद, अंबाला, चरखी दादरी, भिवानी, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, हिसार और सिरसा से करीब 90 युवा तैराक शामिल हुए।
ऑल वेदर स्वीमिंग पूल परिसर में सुबह नौ बजे से खिलाड़ियों का पंजीकरण शुरू किया गया। इसके बाद पूल में खिलाड़ियों का कौशल और प्रदर्शन टेस्ट लिया गया।
प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में बांटा गया था। 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने 200 मीटर फ्री-स्टाइल, 200 मीटर आईएम, 100 मीटर मेन स्ट्रोक और 50 मीटर फ्री-स्टाइल स्पर्धाओं में अपनी गति का प्रदर्शन किया। वहीं 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के तैराकों ने 400 मीटर फ्री-स्टाइल, 200 मीटर आईएम, 100 मीटर मेन स्ट्रोक और 50 मीटर फ्री-स्टाइल में दमखम दिखाया। जिला खेल अधिकारी रामस्वरूप शर्मा अंबाला की अध्यक्षता में गठित विभागीय कमेटी ने खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखा। कमेटी में पंचकूला के तैराकी प्रशिक्षक मुकेश कुमार और पलवल के तैराकी प्रशिक्षक प्रकाश कादियान शामिल रहे।
चयन समिति के अनुसार, इस ट्रायल के आधार पर आवासीय तैराकी अकादमी के लिए कुल 25 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों (लड़के एवं लड़कियां) का चयन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 10 खिलाड़ियों को रिजर्व सूची में रखा जाएगा। अकादमी में चयनित होने वाले सभी खिलाड़ियों को खेल विभाग के हॉस्टल में आवासीय सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही खिलाड़ियों के पौष्टिक आहार और भोजन की व्यवस्था भी खेल विभाग द्वारा हॉस्टल में ही निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।
अंबाला छावनी के ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में ट्रायल देते खिलाड़ी। संवाद