रविवार को नकाबपोश बदमाशों ने नेशनल हाइवे नंबर एक (दिल्ली-अमृतसर) पूरी प्लानिंग के साथ सरकारी कर संग्रह केंद्र पर बंदूक की नोक पर 9.50 लाख रुपये लूट लिए।
लूट के बाद यह सभी कार में फरार हो गए, जबकि जाते वक्त कर्मचारियों के मोबाइल भी ले गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात की जानकारी ली। पुलिस की टीम ने मौके का मुआयना किया और सुबूत इकठ्ठा किए। वारदात के समय ड्यूटी पर केवल टैक्स विभाग के इंस्पेक्टर सुभाष व सेवादार छोटे लाल ही मौजूद थे।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
सुबह करीब साढ़े पांच बजे किसी ने कॉमर्शियल वाहनों से रोड टैक्स लने वाले कर संग्रह केंद्र का दरवाजा खटखटाया। सेवादार छोटे लाल ने दरवाजा खोला तो देखा कि चार युवक, जिन्होंने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, भीतर घुस आए। इससे पहले की दोनों कर्मचारी कुछ समझ पाते, इन युवकों ने पिस्तौल निकाल ली और दोनों को एक साइड में कर लिया। इन कर्मचारियों को सारा कैश बाहर निकाल उनके हवाले करने को कहा।
इन बदमाशों ने काउंटर से कैश समेटा और सेंटर में पड़ी अलमारी भी खेली। इस अलमारी में रखा कैश भी इन बदमाशों ने समेटा और कार से फरार हो गए। यह लुटेरे सेंटर से करीब 9.50 लाख रुपये की नकदी लूटकर ले गए। दोनों कर्मचारियों के मोबाइल भी यह लुटेरे ले गए। केबिन में होने के कारण यह कर्मचारी का का नंबर नहीं देख पाए। बाद में टैक्स जमा करवाने आए एक वाहन चालक से फोन लेकर अधिकारियों को इस लूट की जानकारी दी।
लाखों का लेनदेन, कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं
इस कर संग्रह केंद्र पर लाखों रुपये का कैश रहता है, लेकिन इसकी सिक्योरिटी कुछ भी नहीं है। यहां पर एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं है, ताकि किसी विपरीत परिस्थितियों में यहां रिकार्डिंग काम आ सके। इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि कर्मचारियों की कमी है, जिसके चलते एक इंस्पेक्टर और सेवादार की ड्यूटी रहती है। कैश भी कईं दिनों तक यही रहता है, जबकि सिक्योरिटी के लिए कुछ नहीं है।
अधिकारी पहुंचे मौके पर
एईटीओ बीसी बीर, एसीपी हेडक्वार्टर हितेष यादव, एसीपी पंखुड़ी, दोनों सीआइए स्टाफ की टीमें, सदर थाना पुलिस के इंचार्ज मोहम्मद खान, सीन आफ क्राइम टीम, साइबर सेल टीम दल बल सहित मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए लुटेरों के बारे जानकारी जुटाने की कोशिश की।
इस वर्ष लूट के कुछ मामले
* कैंट में एलोरा कानवेंट स्कूल की मालिक के घर लूट
* सिटी सेक्टर 9 में बुजुर्ग दंपति से लूट
* सिटी के रामनगर में बुजर्ग दंपति के घर में घुसकर लूट
* सिटी में बीएमडब्ल्यू कार की लूटी
* कैंट में आइसक्रीम पार्लर मालिक की कार लूटी
* अंबाला-जगाधरी हाइवे पर खुड्डा गांव के पास ज्वैलर से लूट
* कैंट के बजाजा बाजार चौक पर लाखों रुपये की अंगूठियां लूटी
प्रारंभिक दृष्टि में मामला थोड़ा संदिग्ध दिखाई दे रहा है। फिर भी पुलिस इस मामले में कोई ढिलाई नहीं बरतेगी, इसकी गहनता से जांच होगी।
-मोहम्मद खान, थाना सदर प्रभारी।