‘लेकिन क्यों’ नाटक देख दर्शकों की आंखें हुईं नम
आर्य गर्ल्स कॉलेज में वीएमएस फाउंडेशन की ओर से किया गया नाटक का मंचन
फोटो नंबर : 29 व 30
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। आर्य गर्ल्स कॉलेज में वीएमएस फाउंडेशन की कमलेश शर्मा के निर्देशन में ‘लेकिन क्यों’ नाटक का मंचन किया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की ब्रांड एंबेसडर डॉ. प्रतिभा सिंह इसमें मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहीं। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अनुपमा आर्य ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. शशि धमीजा ने मंच संचालन किया।
ये थी नाटक की कहानी
नाटक में दिखाया गया कि एक आठ वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म जिंदगी भर उसे कचोटता रहता है। इस कारण उसे समस्त पुरुष जाति से ही नफरत हो जाती है। फिर धीरे-धीरे उसकी जिंदगी कई अजीब मोड़ लेती है और अंत में उसी शख्स को सामने ला देती है जिसने उसके साथ दुष्कर्म किया था। अंत में सारा समाज उस व्यक्ति का बहिष्कार कर देता है। कलाकारों द्वारा बहुत ही प्रभावशाली ढंग से नाटक का मंचन किया गया। नाटक को देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। नाटक में मुख्य किरदार कमलेश शर्मा, आशिता कौशिक, रितु, अभिनव शर्मा, शालिनी शर्मा एवं उमा शंकर ने निभाया। प्रकाश व्यवस्था नमन और अर्श, संगीत और अनुराग सरगम व जितेंद्र ने किया। इस अवसर पर हरियाणा कला परिषद के सदस्य नागेंद्र शर्मा, पंजाबी साहित्य सभा की पदाधिकारी सपना ग्रोवर के साथ-साथ कॉलेज के सभी शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।