अच्छी पहल : निगम कार्यालय में पॉलिथीन बैन, कर्मचारियों के होंगे चालान
फोटो नंबर---23
धीरे-धीरे सभी दफ्तरों में लागू होंगे आदेश, पॉलिथीन मुक्त अंबाला बनाने के लिए सख्ती शुरू
100 ग्राम पॉलिथीन बैग मिले तो 500 रुपये और 10 किलोग्राम से अधिक पॉलिथीन बैग मिले तो 25000 का होगा चालान
तरुण अग्रवाल
अंबाला सिटी। पॉलिथीन मुक्त अंबाला बनाने के लिए नगर निगम ने प्रचार प्रसार के साथ सख्ती भी शुरू कर दी है। इसके लिए ट्विन सिटी के साथ-साथ निगम कार्यालय में भी पॉलिथीन को पूरी तहर से बैन कर दिया गया है। अगर कोई कर्मचारी भी कार्यालय में पॉलिथीन बैग लाता है तो उसका भी निगम स्तर पर चालान काटा जाएगा। यह नियम बाद में विस्तार करते हुए ट्विन सिटी के अन्य दफ्तरों में भी लागू किया जाएगा। सोमवार को निगम में सभी कर्मचारियों को कार्य आरंभ करने से पहले पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने की शपथ दिलवाई गई। वहीं कर्मचारियों को जैविक खाद बनाने और बोतल में पौधे लगाने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया जा रहा है।
पॉलिथीन बैग रखने वालों के इस तरह होंगे चालान
चेकिंग के दौरान अगर किसी दुकानदार पर 100 ग्राम से अधिक के लिफाफे मिलते हैं तो उसका 500 रुपये का चालान काटा जाएगा। ऐसे ही 500 ग्राम तक वाले का 1500 रुपये, एक किलोग्राम तक वाले का 3000 रुपये, 5 किलोग्राम तक वाले का 10 हजार रुपये, 10 किलोग्राम तक पॉलिथीन बैग रखने वाले का 20 हजार रुपये व 10 किलोग्राम से अधिक पॉलिथीन बैग रखने वाले का 25000 या इससे अधिक का चालान काटा जाएगा।
अन्य दफ्तरों में विस्तार के बाद विभाग अपने स्तर पर काटेंगे चालान
ट्विन सिटी के विभिन्न दफ्तरों में भी पॉलिथीन मुक्त अभियान के प्रचार प्रसार के बाद अगर किसी दफ्तर में कोई कर्मचारी पॉलिथीन बैग व अन्य प्रकार के पॉलिथीन का इस्तेमाल करता है तो उसका विभाग स्तर पर ही चालान काटा जाएगा, ताकि कोई भी सरकारी कर्मचारी भी पॉलिथीन का प्रयोग न करे। इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी सेमिनार व अन्य तरीकों से इस अभियान को सफल बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
डी-कंपोस्टिंग के बारे में दी जा रही जानकारी
कर्मचारियों को पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने के साथ-साथ डी-कंपोस्टिग के बारे में भी जानकारी दी जा रही है ताकि वह अपने घर के कचरे से खाद बना सकें और घर में लगाए गए फूल-पौधों को वह खाद दे सकें। इसके साथ ही उनके घर में निकलने वाले कूड़े का निपटान किया जा सके।
कोट्
नगर निगम में भी पॉलिथीन को पूरी तरह से बैन करने का निर्णय लिया गया है। पहले कर्मचारी ही पॉलिथीन के इस्तेमाल पर रोक लगाएं और अगर कोई इस्तेमाल करता है तो उसका चालान काटा जाएगा।
-सत्येंद्र सिवाच, कमिश्नर, नगर निगम, अंबाला।