अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। कैंट में चल रही वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम के निर्माण कार्य का स्वास्थ्य व खेल मंत्री अनिल विज ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में कुछ खामियां मिली, जिस पर उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाई और कहा कि ऐसे ही काम करोगे तो कैसे चलेगा। ऐसे में मंत्री ने खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। रविवार दोपहर करीब आधे घंटे तक मंत्री विज ने स्टेडियम का निरीक्षण किया और इस दौरान अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के लिए आदेश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयोग की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मंत्री विज ने अधिकारियों से अभी तक स्टेडियम में किए गए कार्यों के बारे जानकारी हासिल की और आगे क्या-क्या कार्य किये जाने है इस पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए कि वह इस अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खेल स्टेडियम के निर्माण कार्य में प्रयोग की जाने वाली निर्माण सामग्री का विशेष तौर पर ध्यान रखें और समय-समय पर चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लें।
50 करोड़ की लागत से बन रहा स्टेडियम
मंत्री विज ने बताया कि ओलंपिक खेल स्टेडियम बनाने में जो सामग्री प्रयोग की जाती है उसी की तर्ज पर इस खेल स्टेडियम को बनाने का काम किया जा रहा है। स्टेडियम में खेल संबंधी अत्याधुनिक सुविधाएं होगी। 50 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे इस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल मैचों के आयोजन और खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए फुटबॉल का पोलीट्रफ की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा एथलेटिक खिलाड़ियों को अभ्यास और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन के लिए सिंथेटिक व एथलेटिक ट्रैक की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस स्टेडियम में दिन रात के मैच आयोजित करने के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से फ्लड लाइट भी लगाई जाएगी।
खेल स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ बनाने के कार्य को इटली स्थित स्टेडियम की तर्ज पर बनाया जा रहा है। यहां पर जिम, ड्रेसिंग रूम, प्रेस रूम, कांफ्रेंस हॉल सहित अन्य सुविधाएं भी शामिल होगी। स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के दौरान आने वाले खिलाड़ियों की सुविधा के लिए स्टेडियम के बिल्कुल सामने 12 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स हॉस्टल भी बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मौके पर खेल विभाग के उप निदेशक अरुण कांत, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सुरेंद्र सिंह, भाजपा कार्यकर्ता किरणपाल चौहान, नीटू सचदेवा, कमल मक्कड़, नवनीत भाटिया, बलकेस वत्स, अभिकांत वत्स सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।