पटेल रोड की हालत खस्ताहाल, नालियों की नहीं होती निरंतर सफाई
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। सिटी के सबसे व्यस्त कहे जाने वाले पटेल रोड बाजार की हालात बद से बदतर होती जा रही है। दुकानदार कृष्णलाल मेंहदीरता, प्रिंस विज, सुमित, गुलशन, राम, रिंकू, राकेश कालड़ा, प्रवीण, हैप्पी सुशील, बंसी लाल आदि ने कहा कि तकरीबन तीन साल से इस रोड पर किसी भी तरह का कोई कार्य नहीं हुआ है। यह सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है। इस कारण आए दिन इस रोड पर हादसे होते रहते हैं। कई लोग भी चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बाद भी इस रोड के निर्माण के लिए प्रशासन किसी भी तरह की कोई सुध नहीं ले रहा। दुकानदारों का कहना कि बाजारों में बनी हुई नालियों की भी सही से सफाई नहीं होती। इस कारण आसपास के क्षेत्र में बदबू रहती है।
उन्होंने बताया कि दुर्गंध की वजह से दुकानदारों का भी दुकानों पर बैठना दुर्भर हो गया है। उनका कहना है कि इसको लेकर वह कई बार वार्ड पार्षद को भी सूचित कर चुके है। फिर भी किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ट्रैफिक जाम का भी है कारण
दुकानदारों का कहना है। यह रोड एक तो छोटी है। ऊपर से इस पर आवाजाही भी बहुत अधिक लगी रहती है। सड़क पर गड्ढे इतने अधिक है कि वाहन चालकों को यहां से निकलने में मुश्किल होती है। इस कारण यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार तो स्थिति इतनी बिगड़ जाती है। पैदल चल रहा व्यक्ति भी वहां से नहीं निकल पाता है। इस कारण दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आए दिन होते रहते है हादसे
गड्ढों के कारण वाहन चालकों का बाजार से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार तो इनके कारण वाहन चालक गिर जाते है। वह गंभीर रूप से चोटिल भी चुके है। यदि सड़क की हालात ऐसी ही रही तो अन्य बहुत से लोग चोटिल होंगे। उन्होंने कहा कि वह वार्ड पार्षद के साथ निगम अधिकारियों को भी बता चुके है। लेकिन, कोई भी किसी भी तरह कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
नालियों की नहीं होती निरंतर सफाई
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नालियों की निरंतर सफाई नहीं हो रही है। आसपास के क्षेत्र में गंदगी और बदबू का आलम लगा रहता है। दुकान पर बैठना भी दूभर हो जाता है। कई बार शिकायतें करने के बाद भी न तो कोई कर्मचारी नालियों की सफाई करता है। न ही पानी की निकासी हो पाती है।
दुकानदारों ने ही सीवरेज की लाइन डालने से मना किया गया है। बिना सीवरेज की पाइप डाले सड़क का निर्माण नहीं हो सकता है। इसके लिए ग्रांट भी अलॉट हो चुकी है, लेकिन दुकानदारों के हामी न भरने के कारण यहां दिक्कत हो रही है।
रूपम गुगलानी, वार्ड पार्षद