नई पेंशन योजना के विरोध में कर्मचारियों ने की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़।
नई अंशदायी पेंशन स्कीम के विरोध में ऑल हरियाणा एनपीएस एंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले कई विभागों के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सभी कर्मचारी नारायणगढ़ रुद्राक्ष पार्क में एकत्रित हुए और खनन मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री को नयी अंशदायी पेंशन स्कीम के स्थान पर पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए ज्ञापन सौंपने को लेकर विमर्श किया। हजरस प्रधान कमल हुसैनी ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना पूर्ण रूप से कर्मचारी व उसके परिवार के हित में थी, जिसमें कर्मचारी जीपीएफ को मर्जी से जमा करवा सकता था और आवश्यकता होने पर कभी भी निकलवा सकता था, लेकिन इस नई स्कीम के अधीन कर्मचारियों की आय से 10 प्रतिशत काटा जाता हैं और यह राशि प्राइवेट कंपनियों के द्वारा शेयर मार्केट में लगाया जाता है। अगर कर्मचारी आवश्यकता पड़ने पर रुपयों को निकलवाना चाहे तो उसके लिए कई शर्तें हैं, जिसमें कर्मचारी फंस जाता है। प्रधान पुष्पिंदर ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना में कर्मचारी को अंतिम वेतन की 50 प्रतिशत राशि पेंशन के रूप में मिलती है जो डीए वृद्धि पर बढ़ती रहती है। वहीं एसकेएस प्रधान राकेश ने कहा कि नई पेंशन का अर्थ है नो पेंशन। उन्होंने सरकार से कहा कि वह सभी कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन को फिर से लागू करें। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को जल्द लागू नहीं किया जाता तो वह अनशन करेंगे। बैठक में हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ व अन्य विभागीय संघों ने भी इस मांग का समर्थन किया करते हुए इस संघर्ष में पूर्णसहयोग करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर राकेश कुमार, विनोद, विजय कुमार, विकास धीमान, आनंद भुरेवाला, रमेश, राजेश वालिया, सुभाष चंद, कर्मचंद, प्रवेश, रविंद्र, लोचन, रामपाल, शीतल कुमार, अमित धीमान, अरविंद कुमार, अनिल, विनय, मनोज कुमार, राम कुमार, दर्शन, शशिभूषण, भाग सिंह, विजेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।