भ्रूण जांच : एक आरोपी रिमांड पर, दो को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा।
रुड़की ले जाकर अंबाला की एक गर्भवती महिला की भ्रूण जांच के मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर मामला दर्ज किया है। इनमें एक एक महिला आरोपी को जहां पुलिस रिमांड पर लिया गया है, वहीं दो अन्य को जेल भेजा गया है।
ज्ञात रहे कि स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि एक महिला भ्रूण जांच का गोरखधंधा चला रही है। इस पर विभाग ने एक गर्भवती महिला को अपनी टीम में शामिल किया और उक्त महिला के बताए स्थान पर बराड़ा में मिली। इस महिला के साथ जब टीम आगे गई तो शाहाबाद से भी एक अन्य गर्भवती महिला को साथ लिया गया। इसके बाद रुड़की में महिला ने दोनों गर्भवती महिलाओं को उतारा और एक अन्य गाड़ी से रुड़की के नर्सिंग होम संचालक डॉ. एनडी अरोड़ा के क्लीनिक ले गए। यहां पर टीम ने स्थानीय अधिकारियों व पुलिस के साथ मिलकर रेड की और नकदी व आरोपियों को काबू किया था। बराड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले में बराड़ा की रजनी देवी, दंपति लखविंदर सिंह और सुखदीप कौर को काबू किया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से रजनी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य को जेल भेजा गया है।