मुलाना। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दोसड़का-सढौरा मार्ग पर स्थित एक ढाबे पर चोरी से लोहे की स्क्रैप बेचते एक ट्रक ड्राइवर व सहायक को काबू किया है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के जुर्म में ढाबा संचालक को भी गिरफ्तार किया है, जबकि तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू की गई है। जानकारी के अनुसार वीरवार लगभग 11 बजे मुलाना पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक, जो दिल्ली से लोहे का स्क्रैप लेकर कालाअंब हिमाचल जा रहा है, उसका ट्रक ड्राइवर व सहायक इसे शेरपुर गांव के पास बने ढाबे पर चोरी से बेचने का काम करते हैं। मुलाना पुलिस ने सूचना मिलते ही तुरंत टीम गठित करते हुए ढाबे पर रेड की। यहां पुलिस ने ट्रक ड्राइवर गफ्फूर व सहायक गुलजार वासी सढौरा को लोहे का स्क्रैप बेचते रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने ढाबे के संचालक अली अहमद वासी सढौरा को भी चोरी का सामना खरीदने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया। ढाबा मालिक के पास से एक क्विंटल पंद्रह किलो स्क्रैप बरामद हुआ है। मुलाना थाना प्रभारी मेहर सिंह ने कहा कि पुलिस ने तीनों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।