भाजपा नेताओं को युवाओं को रोजगार की नहीं, नशा देकर जेब भरने की चिंता : नैना चौटाला
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। जिले के गांव सुल्लर में आयोजित 42वीं हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम में डबवाली से विधायक नैना सिंह चौटाला भाजपा जिलाध्यक्ष समेत अन्य नेताओं पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के नेता खुद को चौकीदार कह रहे हैं, वो चौकीदार न होकर बड़े ठेकेदार हैं। प्रदेश को लूटने में लगे हैं, नशा बेचने जैसे धंधों में लिप्त हैं। खुद को ऐसे लोग चौकीदार लिख रहे हैं, जिनके साथ हमेशा भारी सुरक्षा रहती है।
नैना चौटाला ने नशा तस्करी के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आए भाजपा जिला अध्यक्ष के बेटे के मामले को लेकर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले ’मैं भी चौकीदार नहीं’ बल्कि ’मैं भी नशा बेचता हूं’ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पांच वर्ष से केंद्र में सत्ता में है, लेकिन भाजपा के वादे के मुताबिक न तो काला धन आया, न आम लोगों के खातों में 15 लाख आए, न दो करोड़ युवाओं को रोजगार मिला, न हरियाणा में एसवाईएल नहर का पानी आया और न ही स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू कर किसानों को लाभकारी मूल्य दिए।