फोटो नंबर :: 07
नए साल में बिजली व्यवस्था होगी और बेहतर : सैनी
- राज्य मंत्री ने आईपीडीएस योजना के तहत बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण कार्य का लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। राज्य मंत्री नायब सैनी ने कहा कि आईपीडीएस स्कीम के तहत नारायणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र की बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज गति से जारी है जोकि नये साल के जनवरी माह में पूरा होगा। उसके बाद लोगों को और अधिक बेहतर बिजली की आपूर्ति मिलेगी। आईपीडीएस स्कीम के तहत नारायणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र की बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ गत जून माह में किया गया था।
भारत सरकार की शहरी विद्युत वितरण प्रणाली के तहम नारायणगढ़ शहरी क्षेत्र में पांच करोड़ 51 लाख की राशि खर्च कर बिजली के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। लो टेंशन व हाई टेेंशन की नई केबल बिछाई जाएंगी, जबकि नये पोल तथा नये ट्रांसफार्मर लगवाये जा रहे। साथ ही हुडा सेक्टर में 11 केवी का अतिरिक्त फीडर बनाया जायेगा। जिससे लो वोल्टेज की समस्या से छुटकारा मिलेगा। सैनी ने कहा कि योजना के तहत शहर में 10 किमी लो टेंशन नई केबल, 27 किमी हाईटेंशन केबल बिछाई जा रही है। शहर में 11 मीटर और 9 मीटर के लगभग 1700 पोल लगवाये जाएंगे। इसी तरह 11 केवी नागरिक अस्पताल, 11 केवी मंडी और 11 केवी नारायणगढ़ के पुराने फीडरों की तारों को बदला जाएगा और फीडरों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य के दौरान शहर में 100 केवी के 26 ट्रांसफार्मर, 200 केवी के 32 ट्रांसफार्मर और 400 केवी के 5 ट्रांसफार्मर लगवाये जाएंगे। बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता संजीव गुप्ता ने बताया कि नव वर्ष 2019 में 31 जनवरी तक आईपीडीएस योजना के तहत नारायणगढ़ शहर में बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद लोगों को ओर अधिक बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी।