पारा 4.6 डिग्री, सिपाही की परीक्षा देने आए परीक्षार्थी सर्द हवाओं में ठिठुरे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस, सर्द हवाओं और धुंध के बीच सिपाही पद की परीक्षा देने के लिए शनिवार को ही अंबाला पहुंचे परिक्षार्थियों की हालत खराब थी। परीक्षा हालांकि रविवार को है, मगर वह दूरस्थ क्षेत्रों से शनिवार रात को ही अंबाला पहुंच गए थे। यहां पर रात बिताने के लिए वह कभी होटलों, कभी धर्मशालाओं तो कभी बस स्टैंडों के आसपास चक्कर काटते रहे। ट्विन सिटी में रात्रि को सभी रैन बसेरे एवं बस स्टैंड के पास होटल व धर्मशालाएं फुल थीं और परीक्षार्थियों को ठहरने के लिए कमरे नहीं मिल पा रहे थे। परेशानी में उनकी हालत खराब हो रही थी। सर्दी में लोगों को आसरा प्रदान करने के लाख दावे करने वाले जिला प्रशासन के सभी इंतजाम यहां पर बौने नजर आ रहे थे।
कैंट बस स्टैंड पर केवल दो बसें
प्रशासन द्वारा गत दिनों कैंट बस स्टैंड पर रात्रि ठहराव के लिए अस्थायी तौर पर बनाए गए रैन बसेरे की केवल दो बसें मौजूद थीं। एक बस में केवल नौ लोगों के रुकने की व्यवस्था है। ऐसे में रैन बसेरा ऊंट के मुंह में जीरे के सामान साबित हुआ। यहां पर रुकने की चाह लिए युवाओं की भीड़ जमा थी। बस स्टैंड पर स्थित रैन बसेरे में भी यही स्थिति थी, यहां पर एक भी बेड खाली नहीं था जहां युवा रात गुजार सकें।
धर्मशाला आई मदद को आगे
बस स्टैंड के पास स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में युवाओं की रात्रि खासी भीड़ उमड़ी। यहां सर्दी से बचने के लिए युवा उमड़ रहे थे। बढ़ती भीड़ को देखकर धर्मशाला प्रबंधन द्वारा अपने खर्च से अतिरिक्त गद्दे एवं रजाइयां बाजार से मंगवाई गईं जिसके बाद उन्हें रात्रि ठहरने की अनुमति दी, मगर युवाओं की संख्या इतनी थी कि एक धर्मशाला में भी युवा पूरे नहीं हो रहे थे। वहीं अंबाला से जाने वाले परिक्षार्थी भी अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए रात्रि से ही कैंट बस स्टैंड के समक्ष बसों की इंतजार कर रहे थे, मगर बसें नहीं मिलने से वह भी परेशान थे। मध्य रात्रि तक परीक्षार्थी ठंड में ठिठुरते रहे।
उधर, परीक्षा को लेकर प्रशासन ने की बैठक
शनिवार सुबह परीक्षा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग के नेतृत्व में बैठक हुई। एसडीएम ने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 23 दिसंबर को 92 परीक्षा केंद्रों पर हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रात: और सायंकालीन सत्र में अंबाला शहर, अंबाला छावनी, बराड़ा व मुलाना में आयोजित की जाएगी। 25,338 परीक्षार्थी यहां पर परीक्षा देंगे। सिहाग ने पंचायत भवन अंबाला शहर में इस परीक्षा के लिए स्थापित किए गए केंद्रों के अधीक्षकों व ड्यूटी मजिस्ट्रेट को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व पारदर्शिता के लिए कर्मचारी चयन आयोग द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे व जैमर लगाए गए हैं। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किए जाएंगे। एसडीएम ने सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करें। बैठक में सीटीएम सुशील कुमार व आयोग के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी और सभी केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे।