होटल कर्मी की हत्या में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर रोष
फोटो नंबर-----40
भाजपा नेता व परिजन थाना प्रभारी से मिले, प्रभारी ने कहा- आरोपियों की पहचान हो गई, जल्द होंगे काबू
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। गत 27 अक्तूबर की देर रात नारायणगढ़-चंडीगढ़ मार्ग पर लोटों चुंगी नाके के निकट स्थित एक निजी होटल के समक्ष हुई होटल कर्मी की हत्या के मामले में अभी तक पुलिस द्वारा कोई गिरफ्तारी नहीं की गई। इसको लेकर मृतक के परिजनों व उसके रिश्तेदारों में रोष व्याप्त है।
भाजपा उत्तराखंड प्रकोष्ठ के संयोजक ओमप्रकाश भट्ट व मृतक के परिजनों ने शनिवार को थाना प्रभारी नारायणगढ़ से मिलकर हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। भट्ट ने थाना प्रभारी से कहा कि शीघ्र ही यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उत्तराखंड समाज के लोग नारायणगढ़ में धरना-प्रदर्शन करने पर विवश होंगे। भाजपा नेता के साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी (उत्तराखंड प्रकोष्ठ) अशोक थपलियाल, अंबाला जिला संयोजक उत्तराखंड प्रकोष्ठ रमेश तिवाड़ी, सह संयोजक भगवती प्रसाद नैथानी, महेंद्र सिंह मौजूद थे।
भाजपा नेता ने टेलीफोन पर डीएसपी नारायणगढ़ से भी इस बारे में बात की, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि 2-3 दिन तक आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। थाना प्रभारी हरभजन सिंह ने भी मृतक के परिजनों व भाजपा नेता को आश्वासन देते हुए कहा कि डबल सिंह की हत्या में शामिल तीन आरोपियों के नजदीक पुलिस पहुंच चुकी है और उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।