कॉलेजों में आज होगी प्रधानगी की जंग, पुलिस अलर्ट
- जिले के 13 कालेजों में आज चुनेंगे जाएंगे प्रधान
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। जिले के कॉलेजों में बुधवार को प्रधानगी की जंग होगी। 13 कॉलेजों में पहले कक्षा प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। इसके बाद कक्षा प्रतिनिधि प्रधान का चयन करेंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजकीय एवं अन्य कॉलेजों में स्टाफ को देर शाम तक रुकने के लिए भी कहा गया है। दूसरी ओर चुनाव के दौरान कोई गड़बड़ी न हो, इसको लेकर पुलिस भी अलर्ट पर है।
कॉलेजों में समक्ष पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी ताकि कोई बाहरी युवक प्रवेश न कर सके। अधिकतर एडेड कालेजों में कक्षा प्रतिनिधियों का चुनाव सर्वसम्मति से कर लिया गया है जबकि राजकीय कालेजों में इसको लेकर बुधवार को चुनाव होंगे। कक्षा प्रतिनिधियों को चुनने के बाद कक्षा प्रतिनिधि प्रत्येक कालेज में प्रधान का चुनाव करेंगे। हालांकि अब तक कालेजों में माहौल नामांकन प्रक्रिया के दौरान शांतिपूर्ण रहा है और अब देखना है कि बुधवार चुनाव के दौरान क्या स्थिति रहेगी।