सिरे नहीं चढ़ रही फोर्टिफाइड आटा वितरण योजना
प्रस्तावित टाप बाक्स या एंकर
फोटो नंबर : 11
अधिकारियों ने किया था दावा, एक अक्तूबर से डिपो पर होगी सप्लाई शुरू, एजेंसियों के टेंडर तक नहीं हुए
मुनीष कुमार
अंबाला सिटी। सरकारी डिपो में गेहूं के स्थान पर लोगों को एक अक्तूबर से फोर्टिफाइड आटा देने की योजना खटाई में पड़ती दिख रही है। अक्तूबर में पूर्ण रूप से फोर्टिफाइड आटे की सप्लाई एजेंसियों के जरिए शुरू करने का अधिकारियों ने दावा किया था, लेकिन अब तक यह योजना धरातल पर नहीं पहुंची है। एजेंसियों के टेंडर तक नहीं हो पाए हैं, वहीं अधिकारियों के अनुसार जल्द ही टेंडर का काम पूरा हो जाएगा।
बता दें कि गरीबों को फोर्टिफाइड आटे के स्वाद के लिए अभी और इंतजार करना होगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से पहले जून से फोर्टिफाइड आटे के वितरण की शुरुआत का ऐलान किया गया था, लेकिन टेंडर न होने की सूरत में करीब 4 माह बीतने पर भी पात्रों तक आटा नहीं पहुंच सका। इसके बाद अधिकारियों ने दावा किया था कि 1 अक्तूबर तक फोर्टिफाइड आटे की सप्लाई एजेंसियों के जरिए शुरू हो जाएगी।
एजेंसियों के नाम की भेजी लिस्ट
विभाग ने आटा वितरण के लिए 13 एजेंसियों के नाम की एक लिस्ट सरकार को भेजी हुई है। सरकार के निर्णय के अनुसार ही फोर्टिफाइड आटे का वितरण किया जाएगा। विभाग की ओर से करनाल, अंबाला की 13 एजेंसियों द्वारा किए गए आवेदन की एक लिस्ट सरकार को भेजी गई है। इनमें से कुछ एजेंसियों को ही टेंडर दिया जाएगा। जो जिला वाइज फोर्टिफाइड आटे का वितरण करेंगी और इन एजेंसियों द्वारा ही सभी राशन डिपो पर फोर्टिफाइड आटे का वितरण होगा। इसकी पुष्टि हैफेड के डीएम ने की है।
गत माह किया गया वितरण
वर्तमान में जिले में खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विभाग से करीब 1 लाख 20 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं, जिनमें बीपीएल, एपीएल व अन्य राशनकार्ड धारक हैं। गत माह जिले में बराड़ा, मुलाना, नारायणगढ़ में फोर्टिफाइड आटे का वितरण किया गया। इस दौरान इस आटे के सेवन से उक्त क्षेत्रों के लोग बीमार भी हो गए थे। हालांकि बाद में जांच के बाद ही आटे का वितरण किया गया था।
----------
कोट
टेंडर के लिए जिन्होंने आवेदन किया था, उनके बारे में पता लगाया गया था। वेरीफिकेशन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। फाइनल हैफेड को करना है कि किसे टेंडर देना है या नहीं। हमारा काम आटा को डिपो तक पहुंचाना है।
-निशांत राठी, डीएफएससी, अंबाला।
-------------