गिरदावरी करके लिया जा रहा फसलों के नुकसान का जायजा : एडीसी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी की जा रही है। वहीं जिन किसानों ने फसल बीमा करवाया है उनके लिए विशेष हेल्प डेस्क लगाए गए हैं जिन पर वह बुधवार सायं तक क्लेम फार्म भर सकते हैं। यह बात कैप्टन शक्ति सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि सितंबर के दौरान हुई वर्षा से अधिक वर्षा तीन दिनों में हुई है जिस कारण प्राथमिक आंकलन के मुताबिक धान की पकी हुई फसल का 25 से 40 प्रतिशत नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि कैंट में मकान गिरने से दो बच्चों की मौत हुई थी जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग से सूचना मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया था और एहतियात कदम उठाने के कारण टांगरी नदी में 11 हजार क्यूसिक पानी आने के बावजूद बाढ़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हो पाई और निचले इलाकों में जल भराव की समस्या से निपटने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा 21 पंप सैट स्थापित किए गए।
उन्होंने बताया कि यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी के माध्यम से चालान करने की प्रक्रिया के दौरान 5 हजार से अधिक चालान करके संबंधित वाहन चालकों व मालिकों को डाक द्वारा भेज दिए गए हैं। वहीं दोबारा चालान होने पर आरसी व लाइसेंस को निलंबित करने के प्रावधान को भी लागू किया जा रहा है। एडीसी ने बताया कि जिले के विकास के लिए डी प्लान योजना के तहत 8.90 करोड़ की राशि अलग-अलग विभागों को उपलब्ध करवाई गई है। इसी प्रकार स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री द्वारा जिला के गांव हडबौन से किया गया था और 2 अक्तूबर तक चलने वाले इस पखवाडे़ के तहत अलग-अलग विभागों और संगठनों के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियां चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दो अक्तूबर को गांवों में गंदगी वाले क्षेत्रों का चयन करके वहां विशेष गतिविधियां चलाई जाएंगी और गांवों को पूरी तरह साफ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लावारिस पशुओं की समस्या के लिए जनता को जागरूक करने के लिए महिला सभाएं बनाने के सुझाव पर भी विचार किया जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम मीनाक्षी दहिया और डीएसपी सुल्तान सिंह व अन्य मौजूद रहे।