तीन दिन में 150 मनचले पकड़े, 10 के वाहनों के काटे चालान
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
ऑपरेशन दुर्गा के तहत अंबाला पुलिस ने तीन दिन में 150 मनचलों पर शिकंजा कसा है। इसके अलावा दस मनचलों के वाहनों के चालान भी काटे गए हैं। वहीं अभियान के तहत पुलिस ने वीरवार को सिटी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रेम नगर में करीब 500 विद्यार्थियों को सेल्फ डिफेंस व छेड़छाड़ जैसी घटनाओं से बचने के टिप्स भी दिए।
तीन दिनों में विभिन्न स्थानों पर ऑपरेशन दुर्गा के तहत शिक्षण संस्थानों के आसपास महिला पुलिस तैनात रही और मनचलों पर नजर रखी। खासकर उन युवाओं को चेक किया गया, जो दोपहिया वाहनों पर ट्रिपलिंग करते रहे और नियम कानून तोड़कर लगातार संस्थानों के आसपास मंडरा रहे थे। तीन दिनों के भीतर पुलिस ने लगभग 150 मनचलों पर शिकंजा कसा और 10 वाहनों के चालान भी काटे। पुलिस ने पार्कों के आसपास भी कार्रवाई की और करीब 60 मनचलों को चेक किया गया। कई स्थानों से ऐसे युवाओं को चेतावनी देकर भी मौके से वापस भेजा गया।
इसके अलावा पुलिस ने सिटी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माडल टाउन एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रेम नगर में छात्राओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग भी दी, जबकि छेड़छाड़ जैसी घटनाओं से कैसे बचें इसके बारे में भी बताया गया। छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे मोबाइल से 1091 पर डायल करें, पुलिस ऐसी कॉल पर तुरंत रिस्पांस देते हुए कार्रवाई करेगी। इसी तरह महिला पुलिस हेल्पलाइन नंबर 97299-90155 अथवा महिला पुलिस थाना के मोबाइल 97299-90165 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
इधर, नियम तोड़ने वाले कई वाहन चालक निकलते रहे
सिटी पॉलिटेक्निक चौक पर जिस वक्त पुलिस वाहनों के चालान काट रही थी, उस दौरान मनचलों पर तो ध्यान था लेकिन इस दौरान कई ऐसे वाहन चालक भी निकल गए, जो नियम कानून तोड़कर जा रहे थे। इस दौरान कई युवक जहां बिना हेल्मेट पहने वाहन चलाते दिखे, वहीं कई एक ही बाइक पर ट्रिपलिंग कर जाते रहे।
महिला का यदि कोई उत्पीड़न कर रहा है या छेड़छाड़ कर रहा है, तो इसकी सूचना पुलिस को दी जाए। ऑपरेशन दुर्गा के तहत तीन दिनों में लगभग डेढ़ सौ मनचलों पर शिकंजा कसा गया है। साथ ही छात्राओं व महिलाओं को प्रेरित किया गया है कि वे छेड़छाड़ अथवा महिला विरुद्ध अपराधों का विरोध करें और पुलिस की मदद लें।
- नीतिका गहलोत, सहायक पुलिस अधीक्षक अंबाला