संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन की तरफ से ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाते हैं, बावजूद इसके प्रशासन सुरक्षा उपायों पर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
जिले में पुलिस की ओर से सात ब्लैक स्पॉट चिन्हित किये गए हैं, जहां अक्सर हादसे होते हैं। इसमें तीन नेशनल हाइवे 44 पर हैं, वहीं अंबाला सिटी में भी चार ब्लैक स्पॉट हैं। इनमें से एक ब्लैक स्पॉट अंबाला सिटी के मुख्य चौराहे अग्रसेन चौक से लेकर मानव चौक तक शामिल हैं।
इन जगह पर 22 से 2025 तक 25 हादसे हो चुके हैं, सात जान गंवा चुके हैं व 29 राहगीर घायल हो चुके हैं। 2025 की बात करें तो 4 सड़क हादसे हो चुके हैं। बावजूद अब तक इन चौराहों के यातायात को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक लाइटों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
अंबाला सिटी की बात करें तो मानव चौक व अग्रसेन चौक सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है। हादसों पर रोक व यातायात को दुरुस्त करने के लिए यहां पर ट्रैफिक लाइटें तो लगी हुई हैं। लेकिन नियमित तौर पर इन लाइटों को नहीं चलाया जा रहा है। कई बार इन ट्रैफिक लाइटों को चलाने के लिए ट्रायल भी हो चुके हैं। हर बार ट्रैफिक लाइटें चलाने पर लंबे जाम की स्थिति से निपटना पड़ता है। ऐसे में इन लाइटों को चलाने से किनारा किया जा रहा है। यह लाइटें नगर निगम की तरफ से लाखों रुपये की लागत से लगाई गई है।
यह हैं सात ब्लॉक स्पॉट : मुलाना बस स्टैंड के पास एमएम काॅन्टिनेंटल से एमएम जिम एंड स्पा सेंटर तक- (2025 में 12 हादसे हो चुके जबकि चार साल में 24 हादसे हुए थे, इसमें 9 की जान गई थी व 41 घायल हुए)। अंबाला सदर कैंट बस स्टैंड से शास्त्री कॉलोनी तक- (2025 में 10 हादसे हो चुके जबकि चार साल में 35 हादसे हुए थे, इसमें 15 की जान गई थी व 30 घायल हुए)। जग्गी सिटी सेंटर पर न्यू कैलाश नगर से हर्बल पार्क तक- (2025 में 7 हादसे हो चुके जबकि चार साल में 38 हादसे हुए थे, इसमें 18 की जान गई थी व 47 घायल हुए)। मोहड़ी एनएच-44 पर आदेश मेडिकल कॉलेज से इंडियन ऑयल डिपो तक- (2025 में 6 हादसे हो चुके जबकि चार साल में 17 हादसे हुए थे, इसमें 9 की जान गई थी व 15 घायल हुए)। अंबाला सदर पर आईडीडीसी हारट्रोन सेंटर से एनएच-1 फैक्टरी स्टोर तक (2025 में 5 हादसे हो चुके जबकि चार साल में 22 हादसे हुए थे, इसमें 11 की जान गई थी व 23 घायल हुए)। मोहड़ा एनएच-44 पर नई अनाजमंडी से प्रताप ग्रुप तक- (2025 में 4 हादसे हो चुके जबकि पिछले चार साल में 11 हादसे हुए थे, इसमें 6 की जान गई थी व 9 घायल हुए)। अंबाला सिटी पर अग्रसेन चौक से मानव चौक तक- (2025 में 4 हादसे हो चुके जबकि चार साल में 25 हादसे हुए थे, इसमें 07 की जान गई थी व 29 घायल हुए)।