नारायणगढ़। बाइक को रेस देकर साइलेंसर से पटाखे बजाने और धुआं छोड़ने के मामले को लेकर हुई आपसी बहस के दौरान धक्का देने से सड़क पर गिरे एक 66 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई तिलक राज के बयान के आधार पर गांव के ही एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
पुलिस को दिए अपने बयान में गांव हमीद पुर वासी तिलक राज ने कहा कि सोमवार की सुबह लगभग साढे आठ बजे वह अपनी आटा चक्की पर बैठा था। इसी दौरान शैंकी और अमन (दोनों भाई)अपनी बाइक पर वहां आये। वह उनकी चक्की के सामने बाइक को ज्यादा रेस देकर साइलेंसर से पटाखे बजाने लगे। इससे काफी धुंआ उनकी चक्की में आ गया। इसके बाद करीब नौ बजे वह अपनी चक्की को बंद करके अपने घर आ गया। जब वह घर गया तो शैंकी और अमन ने अपनी मां और बहन के साथ मिलकर गाली गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर उनका छोटा भाई 66 वर्षीय पुष्पराज शर्मा घर से निकलकर बीच बचाव के लिए आया तभी शैंकी ने उनके भाई पुष्पराज को धक्का मारा जो धक्का लगते ही वह पक्की गली में जा गिरा और बेहोश हो गया। जिसको अन्य लोगों की सहायता से नारायणगढ़ के सामान्य अस्पताल में लाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तिलक राज का आरोप है कि उसके भाई पुष्पराज की मौत शैंकी द्वारा धक्का देकर पक्की गली में गिराने व मुक्के मारने से हुई है। काला आंब पुलिस चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक पवन कुमार के अनुसार तिलक राज के बयान पर गांव हमीद पुर के शैंकी व अमन (दोनों भाईयों) तथा उनकी मां व बहन के खिलाफ धारा 304, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर
दी है।