अवशेष न जलाने वाले किसानों को सम्मानित करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। हरियाणा प्रदेश के कृषि अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग प्रधान सचिव डा. अभिलक्ष लिखी ने सभी उप कृषि निदेशकों को निर्देश दिये कि आगामी 10 अगस्त से पहले हर स्थिति में सीएचसी के कृषि यंत्रों के बिल प्राप्त कर लिया जाए ताकि 15 अगस्त तक यह सीएचसी काम कर सकें। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त पर अवशेष न जलाने वाले किसानों को सम्मानित किया जाए।
उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस में बताया कि आगामी धान कटाई के सीजन में जिले के प्रत्येक गांव को इस बारे जागरूक किया जाएगा कि पराली को न जलाकर फसल अवशेषों को कृषि यंत्रों से दबाकर अपनी जमीन को उपजाऊ बना सकते हैं। उन्होंने जिलावार रिपोर्ट लेते हुए अंबाला जिले की समीक्षा करते हुए सराहना की कि जिले के किसान जागरूक है और कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा व लगन से स्कीम का क्रियान्वयन कर रहे हैं। उन्होंने आशा जताई कि समय रहते जिला अंबाला के सभी 60 सीएचसी स्थापित कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अवशेष न जलाने वाले और सहयोग करने वाले किसानों को 15 अगस्त को सम्मानित भी करवाएं। सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो ने प्रदेश के सभी डीआईपीआरओ को निर्देश दिए हैं कि वे कृषि विभाग द्वारा चलाए विशेष जागरूक अभियान में सहयोग करें, नाटक मंडलियों, भजन पार्टियों व फिल्म के माध्यम से गांव-गांव लोगों को खेतों में अवशेष न जलाने के प्रति जागरूक करें। कृषि व किसान कल्याण विभाग के निदेशक डीके बहरा ने विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डीडीए को निर्देश दिए कि वे जिला शिक्षा विभाग के माध्यम से स्कूलों में कृषि उपकरणों व खेतों में फसल अवशेषों को जलाने से होने वाली हानि की जागरूकता के लिए लेखन, पोस्टर, पेंटिग प्रतियोगिता का आयोजन करें। कृषि अधिकारी किसानों के बीच जाकर नुक्कड़ सभाओं का भी आयोजन करें।