हाईटेंशन तार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से बब्याल के टुंडला मंडी निवासी 50 वर्षीय राजेश्वर की शुक्रवार शाम को मौत हो गई। राजेश्वर किसी काम के लिए छत पर चढ़े थे कि छत के पास से जा रहे 11000 वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आग गए। परिजनों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे करण व अन्य ने इसका सीधा आरोप बिजली विभाग पर लगाया है। उनका कहना है कि बिजली विभाग को तार बदलने के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन फिर भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इससे पहले भी हो चुके हैं हादसे
मृतक के परिजनों व अन्य ने बताया कि यह इस क्षेत्र की पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पूर्व भी इस क्षेत्र में कई हादसे हो चुके हैं। इसको लेकर वह बिजली विभाग को भी शिकायत देकर आए, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई। कुछ समय पहले ही उसी क्षेत्र का 35 वर्षीय सतपाल तार की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी एक बाजू पूरी तरह से खत्म हो गई थी। अब यह दूसरा मामला है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण व्यक्ति की मौत हो गई है।
घर में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। इसकी कोई सूचना बिजली विभाग को नहीं दी गई थी। इस कारण ही 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से हादसा हुआ।
-अतितोष, एसडीओ बब्याल, बिजली विभाग, अंबाला कैंट।