खाली प्लॉट में झाड़ियों से रोता मिला पांच घंटे पहले जन्मा बच्चा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
सिटी के नरेश विहार में शनिवार शाम को खाली पड़े प्लॉट में उगी झाड़ियों से मात्र पांच-छह घंटे पहले जन्मा बच्चा मिला है। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने नवजात को झाड़ियों से ढूंढा और इसके बाद एक युवक ने प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चा प्री-मैच्योर है और मात्र पांच-छह घंटे पहले ही उसका जन्म हुआ है। बच्चे को आईसीयू में रखा गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक नरेश विहार में एक खाली पड़े प्लॉट में उगी झाड़ियों में वहां से गुजर रहे लोगों को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद बच्चे को इधर-उधर ढूंढने लगे। तभी एक व्यक्ति की नजर रो रहे नवजात पर पड़ी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी एक युवक हरप्रीत ने तुरंत चाइल्ड लाइन को फोन से सूचना दी और नजदीक एक प्राइवेट अस्पताल में ले गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को देखते ही उसका इलाज शुरू किया और पुलिस को भी सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य गुरदेव सिंह और पुलिस चौकी नंबर एक के प्रभारी सुरेश कुमार टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य गुरदेव सिंह ने बताया कि डॉक्टर के अनुसार बच्चा प्री-मैच्योर है और मात्र 5-6 घंटे पहले ही उसका जन्म हुआ है। बच्चे को अभी आईसीयू में रखा गया है। बच्चे की हालत अभी नाजुक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवक ने दिखाई समझदारी
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य गुरदेव सिंह मंडेर ने बताया कि युवक हरप्रीत सिंह ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत चाइल्ड लाइन को सूचित किया और वहां मौजूद लोगों के मना करने के बावजूद नवजात को लेकर अस्पताल पहुंचाकर अच्छा काम किया। वहीं डॉक्टर नरेश जिंदल ने भी पूरी जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चे को संभाला और उसे पूरा इलाज दिया।