साइकिल चला रहे आठ साल के बच्चे को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना।
सोहाना गांव में शनिवार दोपहर रोड पर साइकिल चला रहे आठ साल के बच्चे को ट्रैक्टर-ट्राली ने चपेट में ले लिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली चालक गांव में ही हो रहे एक मकान के निर्माण कार्य में रेत डालकर वापस आ रहा था। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। वहीं सूचना मिलते ही मुलाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का एमएम अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। सोहाना गांव निवासी पुजारी (जो पहले फतेहाबाद में रहता था) का आठ वर्षीय बेटा प्रवीण कुमार दूसरी कक्षा में पढ़ता था। प्रवीण कुमार शनिवार दोपहर साइकिल चला रहा था। इस दौरान वह मुलाना सोहाना मार्ग पर जा पहुंचा, जहां सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे चपेट में लिया। प्रवीण का एक बड़ा भाई है। मुलाना पुलिस ने मृत प्रवीण के दादा चंदूलाल की शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
गांव में पसरा सन्नाटा
एक ओर प्रवीण की मौत से जहां माता-पिता का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रवीण हमेशा ही दूसरों से घुल मिल कर रहता था जिसके चलते वह कुछ ही सालों में पूरा गांव का चहेता बन गया था। प्रवीण के बड़े भाई जीवन को तो इस हादसे में उसके भाई की मौत पर विश्वास ही नहीं हो रहा। जीवन बार-बार छोटे भाई को पुकार कर उसे खिलौने देने की बात कर रहा है।
परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जल्द चालक को भी हिरासत में ले लिया जाएगा। -राजेश कुमार, एसएचओ, मुलाना थाना।
इधर, बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
मुलाना। अंबाला-जगाधरी मार्ग पर गांव पौंटी के मोड़ पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर गिर कर घायल हो गया। बुजुर्ग को एंबुलेंस से एमएम अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। मृतक बुजुर्ग की पहचान नई दिल्ली के हरिनगर निवासी कृष्ण लाल के रूप में हुई है। हादसे में बाइक चालक लवदीप के साथ सवार अन्य दो सवारियों को भी चोटें लगी है। मुलाना पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।