अथॉरिटी ने जीटी रोड पर लगाई ग्रिल, लेकिन अभी भी छोटा ओपन कट छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
नेशनल हाइवे अथॉरिटी की ओर से सेना नगर मोड़ पर जीटी रोड और सर्विस लेन के बीच छोड़े गए बड़े ओपन कट को आखिरकार दुरुस्त कर दिया गया। यहां पर अथॉरिटी द्वारा लोहे की ग्रिल लगाई गई है, ताकि वाहन चालक जीटी रोड से सर्विस लेन या सेना नगर की ओर न मुड़े सकें। अमर उजाला ने इस मुद्दे को 22 नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था जिसके बाद हाईवे अथॉरिटी हरकत में आई। हालांकि अभी भी 12 मीटर का एक छोटा ओपन कट छोड़ दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने अब इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इस रास्ते को बंद कराने की बात कही है, साथ ही रविवार को अस्थाई तौर पर यहां बैरियर भी लगा दिए हैं, ताकि कोई वाहन यहां से न गुजर सके।
शहरी सीमा में जीटी रोड और सर्विस लेन के बीच अमूमन हर स्थान पर अथॉरिटी द्वारा लोहे की ग्रिल लगाई गई है। मगर सेना नगर मोड़ पर भारी चूक थी। यहां पर हाइवे अथॉरिटी ने सेना नगर मोड़ के साथ लगती सर्विस लेन और जीटी रोड के मध्य ग्रिल नहीं लगाई थी। किंगफिशर पर्यटक स्थल से ठीक आगे जीटी रोड से सर्विस लेन पर उतरने का सही रास्ता है और यहां से जीटी रोड और सर्विस लेन के बीच ग्रिल लगी है। मगर कुछ मीटर आगे सेना नगर मोड़ पर ग्रिल नहीं लगी थी। यहां एक बड़ा मॉल भी है और चर्चा थी कि शायद किसी को लाभ पहुंचाने के मकसद से यह कट छोड़ा गया हो। करीब सौ मीटर ओपन कट को बंद करने के लिए यहां पर ग्रिल लगाई गई है।
सेना नगर में ओपन कट को बंद कराना मेरी प्राथमिकता में शामिल है। यहां पर बहुत बड़ा कट था और लगातार प्रयास के बाद इस कट को बंद कराया गया है। यहां पर गंभीर हादसों का अंदेशा था। अब भी 12 मीटर कट छोड़ा गया है जिसे जल्द से जल्द बंद कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी। रोड सुरक्षा नियमों से किसी भी सूरत में खिलवाड़ होने नहीं दिया जाएगा।
-रशित बजाज, सदस्य, सीएम रोड सेफ्टी समिति।
सेना नगर में अथॉरिटी द्वारा कुछ मीटर का ओपन कट अभी भी छोड़ा गया है जिसे बंद करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बैरियर लगा दिए हैं। इसे पक्की तरह बंद कराने के लिए बातचीत की जाएगी। यहां से वाहनों को किसी भी सूरत में गुजरने नहीं दिया जाएगा। फिलहाल अभी काफी बड़े हिस्से में ओपन कट को बंद किया गया है।
-सोमेश कुमार, एसएचओ, ट्रैफिक पुलिस, अंबाला।