अंबाला कैंट। बस पकड़ने की जल्दबाजी में तेजी से कैंट रेलवे स्टेशन के एस्कलेटर से उतर रही महिला के हाथ से उसका नौ महीने का बच्चा छूट गया। बच्चा एस्कलेटर पर लुढ़कता हुआ नीचे जा गिरा। जिससे बच्चा घायल हो गया। वहां मौजूद लोगों की मदद से तुरंत बच्चे को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सुपुर्द किया गया है।
कैंट रेलवे स्टेशन पर उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी ध्यानी देवी अपने परिवार के साथ उतरी थी। परिवार को चंडीगढ़ जाना था। स्टेशन के बाहर से परिवार से बस पकड़नी थी और इसी जल्दबाजी में वह स्टेशन के एस्कलेटर से नीचे उतरने के लिए आगे बड़े। ध्यानी देवी जल्दबाजी में थी और इसी बीच उनकी गोद से उनका नौ महीने बच्चा प्रियांशु छूट गया। वह लुढ़कता हुआ नीचे जा गिरा जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। स्टेशन पर मौजूद लोगों की मदद से घायल प्रियांशु को कैंट सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसे मृत घोषित किया गया। बच्चे की मौत की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिवार का रो-रो कर बुरा हाल था। ध्यानी देवी व उनके पति राजू ने बताया कि स्टेशन पर एकाएक एस्कलेटर से बच्चा उनकी गोद से छूट गया था। राजू ने बताया कि वह चंडीगढ़ में रसोइया है। जीआरपी के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। गौरतलब है कि एस्कलेटर से गिरकर पहले भी कुछ यात्री घायल हो चुके हैं। स्वचालित सीढ़ियों पर खासकर महिलाएं व बुजुर्ग एकाएक संभल नहीं पाते जिस वजह से यह हादसे अक्सर होते हैं।