अंबाला सिटी। मिशन बुनियाद कार्यक्रम के तहत लेवल टू का जिला स्तरीय परीक्षा परिणाम जारी हो गया। प्रदेश भर में 6094 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें सबसे ज्यादा अंबाला जिला से 345 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। अब इन उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग की ओर से ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित होगा।
इसके बाद जिले में चल रहे पांच बुनियाद केंद्रों पर दाखिला किया जाएगा। अंबाला में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन, शहजादपुर, बराड़ा, नारायणगढ़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बकरा मार्केट में बुनियाद केंद्र बनाए गए हैं। दो वर्ष के लिए नौंवी व 10वीं कक्षा में सुपर-100 परीक्षा की तैयारी के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही नौंवी व दसवीं कक्षा की पढ़ाई भी करवाई जाएगी। दो वर्ष बाद यह विद्यार्थी सुपर-100 की परीक्षा देंगे। अगर विद्यार्थी सुपर-100 की परीक्षा उत्तीर्ण करता है तो उसे 11वीं और 12वीं में जेईई और नीट की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए शिक्षा विभाग के नेतृत्व में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विद्यार्थी जेईई की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर आईआईटी व मेडिकल संस्थान में दाखिला ले पाएंगे। शिक्षा विभाग आठवीं कक्षा से ही विद्यार्थियों की इस कार्यक्रम के लिए नींव मजबूत कर रहा है ताकि उनको आईआईटी संस्थान में निशुल्क दाखिला मिल सके। बता दें कि मिशन बुनियाद का पहले खंड स्तर पर परीक्षा का परिणाम आया था। खंड स्तर पर उत्तीर्ण विद्यार्थियों को जिला स्तर परीक्षा में बैठने का मौका मिला था। अब यह जिला स्तरीय परिणाम जारी किया गया है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने प्रदेश में अंबाला से सबसे ज्यादा विद्यार्थी उत्तीर्ण होने पर जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज को बधाई दी।
जिले में टॉप तीन विद्यार्थी
जिले के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रामपुर सरसहेड़ी से अनुपम मिश्रा, राजकीय उच्च विद्यालय राजौली से यासमीन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बीहटा से पावनी जिले में टॉप तीन विद्यार्थी रहे।
जिले में टॉप तीन स्कूल
जिले में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बराड़ा से 12 विद्यार्थी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नारायणगढ़ से छह विद्यार्थी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बीहटा से छह विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
जानिये किस जिले में कितने विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण
जिला कुल विद्यार्थी उत्तीर्ण
अंबाला 345
भिवानी 279
चरखी-दादरी 164
फरीदाबाद 300
फतेहाबाद 334
गुरुग्राम 306
हिसार 331
झज्जर 219
जींद 301
कैथल 274
करनाल 294
कुरुक्षेत्र 332
महेंद्रगढ़ 221
नूंह 211
पलवल 194
पंचकूला 316
पानीपत 275
रेवाड़ी 279
रोहतक 324
सिरसा 278
सोनीपत 223
यमुनानगर 294
वर्जन
मिशन बुनियाद कार्यक्रम के तहत लेवल टू जिला स्तर का परिणाम जारी हो गया है। पूरे हरियाणा में अंबाला जिला से सबसे ज्यादा 345 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। अब इन विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम करवाया जाएगा।
पूजा भारद्वाज, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, अंबाला।
वर्जन
मिशन बुनियाद कार्यक्रम के लेवल टू परीक्षा परिणाम में अंबाला जिला से विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सबसे ज्यादा विद्यार्थी अंबाला जिले से उत्तीर्ण हुए हैं। राजकीय स्कूलों में सरकारी योजनाओं का फायदा विद्यार्थी उठा रहे हैं।
सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।
सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।