संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। क्रिप्टो करंसी के जरिये पैसे दोगुने करने का झांसा देकर किसान भुडंगपुर निवासी जतिंद्र सिंह से 6 लाख रुपये की ठगी हो गई। आरोपियों ने पोलक्स कॉइन में भारी मुनाफे का लालच देकर ठगी की। उप-पुलिस अधीक्षक की गहन जांच के बाद नग्गल थाना पुलिस ने मानसा निवासी जौवन सिद्धू, विकास शर्मा और रामबिलास राणा पर प्राथमिकी दर्ज की। यह कार्रवाई धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत हुई।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित जतिंद्र सिंह ने बताया कि 5 अप्रैल 2024 को उसने इंस्टाग्राम पर पोलक्स कॉइन टीम के विकास पंडित की एक स्कीम का मैसेज देखा। इसमें पैसे लगाने पर सीधे डबल करने का दावा किया गया था। लालच में आकर वहां दिए गए नंबर पर संपर्क किया, जो पंजाब के मानसा निवासी जौवन सिद्धू का था।
आरोपी ने झांसा दिया कि यदि वह 1 लाख रुपये के कॉइन खरीदेगा तो उसे मोटा मुनाफा होगा। इसके बाद अपने दोस्त सिटी के सेक्टर-8 निवासी हर्षप्रीत सिंह के साथ चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित होटल ले क्राउन पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी जौवन सिद्धू को 1 लाख रुपये नकद दिए थे।
आरोप लगाया कि कुछ दिन बाद आरोपी जौवन सिद्धू ने फोन कर कहा कि तुम्हारी आईडी में रखे कॉइन का रेट 200 रुपये के पार पहुंच गया है, अगर ओर अमीर बनना है तो तुरंत ओर पैसे लगाओ।