सिटी नई अनाज मंडी में लगा गेहूं की बोरियाें का अंभार। संवाद
अंबाला सिटी। मंडियों में गेहूं की आवक लगातार जारी है जिससे उठान में देरी हो रही है। उठान में देरी के कारण किसानों का भुगतान भी लंबित है। अभी तक मंडियों में 21 लाख 69 हजार 386 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है।
इसमें से 19 लाख 24 हजार 33 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है।तो वहीं अभी तक मंडियों से 10 लाख 67 हजार 910 क्विंटल गेहूं का उठान पूरा हो चुका है। उठान प्रतिशत को देखें तो करीब 55 प्रतिशत गेहूं का उठान पूरा हो चुका है।
अभी तक एजेंसियों ने 233 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। जबकि एजेंसियों को खरीद के आधार पर 598 करोड़ रुपये का भुगतान करना है।कई किसानाें को पांच दिनों से भुगतान नहीं मिला है। इस कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। एजेंसियों द्वारा खरीद की तारीख के आधार पर फसलों का भुगतान किया जा रहा है।
आवक घटने से मिलेगी राहत : इस सप्ताह तक मंडियों में आवक का स्तर धीरे धीरे कम होगा। बुधवार के बाद आवक में कमी आएगी। फिलहाल रोजाना जिले की 15 मंडियों में रोजाना एक लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है। सोमवार को भी सभी मंडियों में कुल एक लाख 18 हजार 416 क्विंटल गेहूं की आवक हुई। इतना ही नहीं रात के समय भी किसानों के गेट पास कटते हैं। अंबाला छावनी से 76800 क्विंटल , अंबाला शहर से 287910 क्विंटल, नन्यौला मंडी से 39790 क्विंटल, मुलाना मंडी से 98670 क्विंटल, साहा मंडी से 88610 क्विंटल, बराड़ा मंडी से 109000 क्विंटल गेहूं उठाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि केसरी मंडी से 17380 क्विंटल, सरधेड़ी से 19750 क्विंटल, उगाला से 14800 क्विंटल, तलहेड़ी से 51700 क्विंटल की उठान हो चुकी है।