अंबाला। सदर बाजार स्थित अशोका डेयरी के निकट एक्सिस बैंक के एटीएम में से शातिर ठग ने युवती का धोखे से डेबिट कार्ड बदलकर 53 हजार 330 रुपये निकाल लिया। युवती जब घर पहुंची तो उसे खाते से लगातार पैसे निकलने के मैसेज आए। बैंक में पहुंचने तक शातिर ठग खाता खाली कर चुका था।
अंबाला कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बैंक से सीसीटीवी फुटेज भी ले ली गई है, जिससे कि आरोपी की पहचान कर काबू किया जा सके। शिकायतकर्ता कुलवीर कौर ने बताया कि उसने अपनी बेटी को 12 अप्रैल को एटीएम से दस हजार रुपये की राशि निकलवाने के लिए भेजा था।
बेटी पैसे निकलवाने के बाद बाहर निकली तो पास खड़े आरोपी ने पीछे से आवाज मारकर बुलाया। बोला कि आपका एटीएम कार्ड बंद नहीं हुआ है। बेटी ने दोबारा एटीएम में कार्ड डालकर बाहर निकाला। इतने में आरोपी बोला कि दोबारा बंद नहीं हुआ है इसलिए वो मदद कर देता है। इसी बीच आरोपी ने कार्ड बदल दिया।