आब्जर्वेशन होम के बच्चों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस
अंबाला कैंट। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को आब्जर्वेशन होम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति नृत्यों के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने की। उन्होंने इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आब्जर्वेशन होम के बच्चों को वाशिंग मशीन और प्रोजेक्टर तथा स्क्रीन भेंट की। राइस मिलर एसोसिएशन अंबाला की ओर से सभी बच्चों को ड्राईंग बुक, स्टोरी बुक व स्केच पेन भेंट किए गए।
उपायुक्त ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और इस मौके पर बच्चों को पौधागिरी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से तुलसी का पौधा भी लगाया। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक निशांत राठी ने सभी बच्चों के लिए मिठाई उपलब्ध करवाई। उपायुक्त ने बच्चों की मांग पर राईस मिलर एसोसिएशन के सहयोग से म्यूजिक टीचर की व्यवस्था करवाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में एसडीएम मीनाक्षी दहिया, जेल अधीक्षक लखबीर सिंह, डीएफएससी निशंात राठी, डा. राजिन्द्र राय, बलजीत कौर, यश हुड्डा, आरके सिंगला, मेघा, मिक्षा रंगा, आरू वशिष्ठ, मनीषा गागट भी मौजूद रहीं।