अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। नार्दर्न रेलवे के जीएम विश्वेश चौबे ने बुधवार सुबह कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा। इस दौरान रेल विभाग के अनेक अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि अंबाला तथा दिल्ली मंडल में अनेक कार्य किए जा रहे हैं जिनको लेकर उनकी बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम के साथ चर्चा होगी।
जीएम चौबे ने बताया कि अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन को करीब छह करोड़ रुपये की लागत से नया रूप दिया जाएगा। यहां पर करोड़ों रुपये के कार्य हो रहे हैं। स्टेशन के नए लुक का मॉडल भी जीएम ने देखा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। स्टेशन परिसर में एक तरफ से वाहनों के आने और दूसरी तरफ से जाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि विशेष प्लान के तहत यह काम किया जा रहा है तथा इस कार्य के टेंडर जल्द ही अलाट किए जाएंगे। इससे पहले उन्होंने स्टेशन परिसर में पौधरोपण भी किया तथा स्टेशन का निरीक्षण किया। जीएम ने यूटीएस काउंटर का मुआयना और व्यवस्थाओं के बारे में रेल मंडल के अधिकारियों से बातचीत की। जीएम ने नए बनाये गए वेटिंग रूम में भी यात्री सुविधाओं का मुआयना किया। उन्होंने प्लेटफार्म नंबर-1 पर बनाए गए वेटिंग रूम के शौचालयों को देखा। वहां मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। इसके बाद वह अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।
कुलियों ने जीएम को सौंपा ज्ञापन
रेलवे स्टेशन पर कुलियों ने मांगों को लेकर जीएम को ज्ञापन सौंपा। कुलियों को ग्रुप डी में भर्ती करने की मांग की है। उनका कहना था कि कुली कई वर्षों से रेलवे यात्रियों की सेवा में कार्यरत हैं। प्रत्येक स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट, रैंप, एक्सिलेटर आदि बनाए गए हैं और ट्राली बैग के कारण कुलियों का रोजगार खत्म होने के कगार पर आ गया है। जीएम ने कुलियों को आश्वासन दिया कि वह मांग पत्र आगे तक पहुंचाएंगे। मौके पर डीआरएम दिनेश शर्मा व अन्य मंडल अधिकारी मौजूद रहे।