पांच दिनों से दूषित पानी की सप्लाई से परेशान आनंद नगर निवासियों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
आनंद नगर-ए कॉलोनी में पांच दिन से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। समस्या का कोई समाधान न होते देख वीरवार को स्थानीय निवासियों ने पब्लिक हेल्थ विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। नारेबाजी का पता चलने पर जूनियर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
बोह के साथ लगते आनंद नगर ए के रहने वाले कुनाल ने बताया कि पिछले पांच दिनों से यहां घरों में दूषित पानी आ रहा है। पानी इतना मटमैला और बदबूदार है जैसे कि किसी गंदे नाले से सीधे पानी की पाइपलाइन जोड़ दी गई हो। रोमी, हरीश और रानी ने कहा कि नल खोलते ही चारों ओर सड़ांध हो जाती है। पीने के लिए भी लोगों के घरों में पानी नहीं बचा है। लोग पानी खरीदकर पीने को मजबूर हो गए हैं। इस बारे में विभाग के कई अधिकारियों को शिकायत की गई परंतु कोई भी सुनवाई नहीं हो रही। जमालो, सुदेश और नरेश ने कहा कि लोगों को मजबूरन रिश्तेदारों के घरों में आश्रय लेना पड़ रहा है। यदि यही हालात रहे तो लोग बीमार तो होंगे ही साथ ही प्यासे भी मारे जाएंगे, इसलिए विभाग को लोगों की सुध लेनी चाहिए।
वहीं पब्लिक हेल्थ विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि यहां पर नाले का काम चल रहा है। परंतु सभी प्वाइंट्स चेक कर लिए गए हैं। जहां कुछ कमी सामने आ रही है वहां पर दुरुस्त कराई जा रही है।