पद्मावत फिल्म प्रदर्शन पर जिले में बढ़ा तनाव
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। फिल्म पद्मावत को रिलीज होने में चंद घंटों का समय शेष रह गया है और अंबाला में अभी से फिल्म को लेकर तनाव बढ़ गया है। सिटी स्थित एक माल के सिनेमाघर में फिल्म प्रदर्शन लगने के पोस्टर लगा दिए गए जिससे तनाव और बढ़ गया। सुरक्षा के मद्देनजर मॉल के समक्ष पुलिस ने बैरीगेट्स लगा दिए हैं। इसके अलावा पुलिस ने बुधवार को फ्लैग मार्च निकाली। उधर, प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने के लिए धारा 144 लगा दी है जबकि 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। करणी सेना ने फिल्म प्रदर्शन पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है और ऐसे में गणतंत्रत दिवस से पहले जिले में शांति का माहौल कायम रखना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
अंबाला के मुख्य सिनेमाघरों में से मात्र एक ने ही फिल्म दिखाने का निर्णय लिया था। सिटी में हिसार रोड पर स्थित रेड रॉक्स मॉल के सिनेमाघर में बुधवार को दो थ्री-डी ट्रेलर शो दिखाए गए। साथ ही यहां पर वीरवार को 10 शो दिखाए जाने थे जिसके लिए ऑन लाइन व आफ लाइन बुकिंग भी चल रही थी। इसकी भनक फिल्म का विरोध कर रहे राजपूत समाज को लग गई और उन्होंने फिल्म के विरोध में सिनेमा घर के मालिक को समझाने का प्रयास किया। मगर जब बात नहीं बनी तो राजपूत समाज के लोग प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे जहां उपायुक्त के न मिलने पर एसडीएम को फिल्म न दिखाए जाने संबंध में मांगपत्र सौंपा। एसडीएम ने सिनेमा घर मालिक को भी मौके पर बुलवाया। जहां दोनों पक्षों के बीच लंबी वार्ता के बाद सिनेमा मालिक ने फिल्म दिखाने का निर्णय वापिस ले लिया।
पुलिस ने निकाली फ्लैग मार्च
स्थिति पर नजर रखने के लिए जिला पुलिस ने बुधवार को सिनेमाघरों के आसपास क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सिटी में रेड रॉक्स माल के अलावा गलैक्सी माल व कैंट में मिनर्वा कांप्लेक्स के अलावा, कैपिटल सिनेमा व निगार सिनेमा के आसपास सुरक्षा का जायजा लिया गया। कैंट के डीएसपी सुरेश कौशिक ने सिनेमा संचालकों से बात की और बताया कि पुलिस की व्यवस्था चाक चौबंद है। यदि सिनेमा मालिक फिल्म चलाना चाहेंगे तो उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा संबंधी हिदायतें भी दी।
सिनेमाघरों के बाहर लगाई धारा 144
जिला मैजिस्ट्रेट शरणदीप कौर बराड़ ने 25 जनवरी को फिल्म पद्मावत के रिलीज होने के अवसर पर जिला के सिनेमा हालों के आस-पास धारा 144 लगाने के आदेश जारी किए हैं। डीसी ने बताया कि फिल्म के रिलीज होने को लेकर करणी सेना द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए यह आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कार्रवाई होगी।
13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात
स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने जिले में 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह और जिला में कानून व्यवथा की स्थिति बनाये रखने के लिए अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह बिना अनुमति के मुख्यालय न छोड़े। उन्होने कहा कि यदि किसी अधिकारी को महत्वपूर्ण सरकारी कार्य और आपात स्थिति में जिले से बाहर जाने की आवश्यकता पड़े तो वह इस बारे पूर्व अनुमति लेकर ही मुख्यालय छोड़े।
बराड़ा। उधर, उपमंडल के महाराणा प्रताप चौक पर समस्त जाति समुदाय के लोग एकत्रित हुए जिसमें सभी ने लोगों से फिल्म पद्मावत को न देखने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों को बताया कि फिल्म को लेकर देश भर में गुस्सा है। इस फिल्म को अब सनेमा घरों में प्रदर्शित किया जाएगा। फिल्म में इतिहास के साथ छेड़ छाड़ कर बनाया गया है जिससे राजपूत बिरादरी के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। अब कोर्ट के आदेश पर इस फिल्म को प्रदर्शित करने के लिए लगाया जा रहा है।
------------------------------------