-ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, शव वारिसों को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी/मुलाना। रविवार को ट्रेन से गिरकर जहां युवक की मौत हो गई, वहीं मुलाना क्षेत्र के दोसड़का चौक के पास से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एक ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई सतपाल सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रेल लाइनों पर शव पड़ा है। सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव की पहचान पिंटू चौहान (30) के रूप में हुई है। वह यूपी के जिला गोंडा के गांव गोहन्ना का रहने वाला था और लुधियाना में तेल का टैंकर चलाता था। उन्होंने बताया कि वह रेलवे स्टेशन मनकापुर से किसी ट्रेन में सवार हुआ और लुधियाना को जा रहा था। वह रविवार की सुबह अनाज मंडी के पास चलती ट्रेन से गिर गया। जांच अधिकारी ने बताया कि शव के पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड इत्यादि मिले जिसके आधार पर पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया, जबकि आवश्यक कार्रवाई के बाद शव वारिसों को सौंप दिया।
उधर, रविवार को दोसड़का चौक के पास एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की लाश मिली, जबकि शव की टांगों पर गहरी चोटें लगी थी। माना जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर दे मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने मुलाना पुलिस को सूचित किया। मुलाना पुलिस ने शव को एमएम अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया। मुलाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। जानकारी अनुसार एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति पिचछले कुछ दिनों से बेहाल हालत में दोसड़का के पास ही रहता था। राहगीरों ने उससे पूछताछ भी की लेकिन उसके बारे कुछ पता न चल सका। रविवार सुबह किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर दे मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने मुलाना पुलिस को सुचित किया । मुलाना पुलिस ने तुरंत मौके पर जाकर शव को एमएम अस्पताल मुलाना में पहुंचाया। शव की पहचान मलकीत सिंह वासी स्टारी जिला यमुनानगर के रुप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।