फोटो नंबर :: 01
- कटाव के कारण अंबाला सिटी के कई गांवों की फसलें पानी में डूबीं
- विधायक असीम गोयल ने अधिकारियों के साथ किया गांवों का दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल ने रविवार को अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र के गांव जंधेड़ी, जोधपुर, बालापुर, कलावड़, खैरा आदि गांवों में जाकर वहां खराब हुई फसलों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ तहसीलदार टीआर गौतम, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सहित राजस्व विभाग कानूनगो व पटवारी रहे। विधायक ने मौके पर मौजूद तहसीलदार को किसानों की खराब हुई फसलों की गिरदावरी का आकलन करने व उनका मुआवजा दिलवाने संबंधी की जाने वाली कार्रवाई के कार्य को भी करने बारे निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि पेहवा स्थित नैंसी गांव के नजदीक मारकंडा नदी में शनिवार-रविवार की देर रात कटाव के चलते अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में पानी आ गया था। इसके चलते गांव जंधेडी, जोधपुर, बालापुर, कलावड़, खैरा आदि गांवों में पानी अधिक आने के कारण किसानों की फसलें भी चपेट में आ गई थी। विधायक ने आज सूचना मिलते ही उक्त गांवों में जाकर किसानों की खराब हुई फसलों का स्वयं जायजा लिया और किसानों को आश्वस्त किया कि जो भी नुकसान हुआ है उनका नियमानुसार संबंधित विभाग से आकलन करवाकर उन्हें उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार को गांवों में ही विशेष शिविर लगाकर किसानों की खराब हुई फसलों की गिरदावरी संबंधी किए जाने वाले आवश्यक कार्रवाई के बारे में कहा। विधायक ने इस दौरान बालापुर के पास सड़क के ऊपर से गुजर रहे पानी की स्थिति को देखते हुए उस पानी के बहाव को वापस किये जाने संबंधित कार्यों को तुरंत किये जाने के बारे में दिशा-निर्देश दिए। विधायक के साथ इस दौरान गांव बालापुर के सरपंच सोहन लाल, सरपंच जोधपुर, सरपंच कलावड़ परमजीत सिंह, सरपंच जंधेड़ी विष्णु शर्मा, ओम प्रकाश सरपंच काठगढ़, प्रताप जंधेडी दानीपुर, सुखदेव जंधेड़ी, लालचंद जंधेड़ी, महिंद्र सांगवान, डीएसपी प्रमोद कुमार, एसएचओ नग्गल, संजीव टोनी, नरेंद्र भलोटिया, पंचायत समिति के उप प्रधान गुरजीत सिंह रहे।