अंबाला सिटी। गृह मंत्रालय की ओर से गणतंत्र दिवस के अवसर प्रदान किए जाने वाले पद्म पुरस्कार के लिए योग्य पात्र एक अगस्त तक डीसी कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। ऐसे व्यक्ति जिन्होंने कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, जन सेवा, व्यापार, उद्योग इत्यादि के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की हो वह आवेदन कर सकता है।
प्रमाण पत्र वितरित किए
अंबाला सिटी। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान अंबाला द्वारा गांव संतोखी में चलाए जा रहे सिलाई प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि डीडीपीओ रेणू जैन एवं विशिष्ट अतिथि जला अग्रणी प्रबंधक नरेश सिंगला थे। डीडीपीओ रेणू जैन ने सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी 31 युवतियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। सभी युवतियों को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डीके कालड़ा, पूर्व कर्नल सतनाम सिंह, वित्तीय परामर्शदाता मुकेश गुलाटी, संतोखी गांव के सरपंच जसविंद्र एवं संकाय सदस्य कुसुम उपस्थित रहे।
शव की नहीं हुई पहचान
अंबाला कैंट। रेलवे कालोनी धोबी घाट के नजदीक गंदा नाला फुटपाथ पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ाव पुलिस ने बरामद किया है। करीब 70 वर्षीय व्यक्ति ने चेकदार कमीज, सफेद टी शर्ट व सफेद पजामा पहना था। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में शिनाख्त के प्रयास किए मगर किसी ने मृतक को नहीं पहचाना। अब शव सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।