माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। अंबाला शहर की एक कोच फैक्टरी पर कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन की टीम ने 500 ऑक्सीजन सिलिंडर बरामद किए। करीब एक घंटे से ज्यादा समय इस फैक्टरी से सिलिंडरों को इकट्ठा करने में ही लग गया। डीसी अशोक कुमार के आदेश पर जिला प्रशासन ने बुधवार रात के समय छापेमारी की और ऑक्सीजन सिलिंडर बरामद किए। पकड़े गए इन ऑक्सीजन सिलिंडरों में से करीब 250 भरे हुए थे और इतने ही 250 खाली थे। मालिक सिलिंडरों का इस्तेमाल फैक्टरी को चलाने के लिए कर रहा था। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची आरटीए गौरी मिड्ढा ने सभी सिलिंडर को सीज करने के आदेश देने के साथ -साथ पुलिस को फैक्टरी मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा।
डीसी को सूचना मिली थी कि एक फैक्टरी में ऑक्सीजन सिलिंडरों का प्रयोग किया जा रहा है। सूचना मिलने पर डीसी ने टीमें गठित करके तुरंत फैक्टरी में छापा मारने के आदेश जारी कर दिए। जब टीम मौके पर पहुंची तो भी फैक्टरी संचालक की ओर से कोई सहयोग नहीं किया गया। इस पर मौके पर ही पहुंची नोडल अधिकारी गौरी मिड्ढा ने पुलिस अधिकारियों को फैक्टरी का कोना- कोना तलाशने के आदेश दिए। धीरे-धीरे सिलिंडरों की बरामदगी होनी शुरू हो गई।
मौके पर पहुंचे थाना पंजोखरा के एसएचओ मोहन लाल कोच फैक्टरी के मालिक पर कानूनी कार्रवाई में जुट गए। समाचार लिखे जाने तक फैक्टरी के संचालक पर केस दर्ज नहीं किया गया था। उल्लेखनीय है कि आपदा की इस घड़ी में सरकार ने ऑक्सीजन सिलिंडर का इंडस्ट्रियल इस्तेमाल करने पर रोक लगाई है। साथ ही आदेश भी दिए थे कि जिनके पास यह सिलिंडर हैं वह प्रशासन के पास जमा करवा दें ताकि इन सिलिंडरों का मेडिकल यूज यानी कोरोना मरीजों की जान बचाने के लिए इस्तेमाल में लाया जा सके। इन आदेशों की परवाह किए बिना फैक्टरी में सिलिंडरों का प्रयोग किया जा रहा था।
सिलिंडर गाड़ी में लोड न करवाने पर सील करने की दी चेतावनी
मंढौर स्थित इस फैक्टरी के जरिए लग्जरी कोच, गाड़ियों की चेसिस, टैंकर, डंपर के अलावा रेलवे ओवरब्रिज के लिए बॉक्स एंड एच बीम्स, क्रेन गार्ड्स, कंपोजिट स्टील प्लेट गार्डर निर्माण और आपूर्ति का काम होता है। फैक्टरी कई एकड़ एरिया में फैली है। जब ंचालक ने सहयोग नहीं किया तो गौरी मिड्ढा ने सभी सिलिंडर 20 मिनट के भीतर गाड़ी में लोड करने के आदेश फैक्टरी के जीएम को दिए। साथ ही पुलिस को चेतावनी भी दी कि यदि ऐसा नहीं करते तो 20 मिनट बाद फैक्टरी को सील कर दो। तब जाकर सिलिंडर गाड़ी में लोड करवाए गए।
हमें सूचना मिली थी कि शहर में कोच फैक्टरी में गैर कानूनी तौर पर इस समय भी ऑक्सीजन सिलिंडरों को प्रयोग किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम के साथ रेड की और मौके से करीब 500 सिलिंडर बरामद कर लिए गए हैं। फैक्टरी संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। - गौरी मिड्ढा, नोडल अधिकारी।
फैक्टरी से करीब 500 सिलिंडर जब्त किए गए हैं। संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - मोहन लाल, पंजोखरा थाना प्रभारी।