नशीला पदार्थ पिला बेहोश कर 50 हजार रुपये लूटने के मामले में नारायणगढ़ पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। पुलिस को दिये बयान में गांव बड़ागढ़ नारायणगढ़ निवासी विजय कुमार ने कहा है कि उसके पिता शुक्रवार को सुबह लगभग 11 बजे अपने घर से नारायणगढ़ के पंजाब नेशनल बैंक में 50 हजार रुपये निकलवाने गए थे और वह शाम तक नहीं लौटे। विजय के अनुसार उसका काफी देर इंतजार करने के उपरांत उनके भाई व अन्य लोगों ने उसकी तलाश आरंभ कर दी। विजय कुमार ने कहा कि उन्होंने पीएनबी में जाकर पता किया तो बैंक वालों ने बताया कि महावीर प्रसाद लगभग 12 बजे बैंक से 50 हजार रुपये निकलवाकर चला गया था। विजय कुमार के अनुसार तलाश करते करते जब वह देर रात गये नारायणगढ़-बरौली मार्ग पर स्थित डाकखाना के निकट पहुंचे तो उनके पिता डाकखाने के पीछे बेहोशी की अवस्था में पड़े मिले। उनके पास बैंक से निकलवाये रुपये भी नहीं थे। शिकायतकर्ता के अनुसार तभी वह उन्हें इलाज के लिए नारायणगढ़ के सामान्य अस्पताल में लाये। जहां से प्राथमिक उपचार के उपरांत चिकित्सकों ने उन्हें अंबाला छावनी रेफर कर दिया और उनके हालात चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया जहां पर वे उपचाराधीन हैं। विजय कुमार के अनुसार किसी अज्ञात युवक ने उसके पिता को नशीला पदार्थ पिलाकर उनसे 50 हजार रुपये लूट लिये हैं। बता दें कि बैंक से निकलवाने या जमा करवाने वालों को नशीला पदार्थ पिलाकर उनसे लूटमार करने वाला गिरोह पिछले काफी समय से सक्रिय है। एक पखवाड़ा पूर्व 13 मई को भी इस गिरोह ने इसी प्रकार से एक युवक को नशीला पदार्थ सूंघाकर उससे लगभग 80 हजार रुपये की लूट की थी। उक्त युवक जसवंत सिंह निवासी बड़ी रसौर जो कि नगरपालिका से सेवानिवृत्त कर्मचारी है, पंजाब नेशनल बैंक में 80 हजार रुपये जमा करवाने गया था और उसे इसी गिरोह के किसी सदस्य ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने के उपरांत उसके पैसे लूट लिये थे।