संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सदर बाजार चौक पर शिवाजी की प्रतिमा को स्थापित करने का कार्य जल्द शुरु हो जाएगा। नगर परिषद ने प्रतिमा के निर्माण के लिए योजना तैयार कर ली है। इस कार्य के लिए निविदा भी जारी कर दी है ताकि ठेका देने के बाद जल्द से जल्द काम शुरु करवाया जा सके। शिवाजी की प्रतिमा को लगाने पर 47.98 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस कार्य के योजना को सिरे चढ़ाने के लिए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने निर्देश दिए थे और अपने कोष से उन्होंने नगर परिषद को फंड भी जारी किया था।
खिलाड़ी शक्तिदास को समर्पित होगा चौक
कालीबाड़ी मंदिर के पुजारी ऊषा नाथ चटर्जी और मृणालिनी चटर्जी के घर 1913 में शक्तिदास चटर्जी ने जन्म लिया। 9 वर्ष की उम्र में ही उन्होंने फुटबाल खेलना शुरू कर दिया था और 14 साल की उम्र में वह बीडी स्कूल की टीम के कप्तान बने। उनकी शादी कोलकाता की दीप्ति से हुई और उनके आंगन में एक बेटे एसके चटर्जी व बेटी रूमा ने जन्म लिया। शक्ति दास चटर्जी फुटबॉल खिलाड़ियों के गॉड फादर माने जाते थे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंबाला का नाम चमकाने वाले इस महान खिलाड़ी और कोच की उपलब्धियों को आज भी फुटबॉल प्रेमी सम्मान की नजरों से देखते हैं। इसलिए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने उनकी याद में वार हीरोज स्टेडियम के बाहर शक्तिदास चटर्जी चौक के निर्माण के निर्देश दिए हैं जो कि 10.15 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।
विशेषज्ञ तैयार करेंगे मूर्ति का डिजाइन और चौक का स्वरूप
नगर परिषद, शिवाजी की मूर्ति का डिजाइन और चौक के स्वरूप को तैयार करने के लिए विशेषज्ञ की मदद लेगी। विशेषज्ञ द्वारा जो भी डिजाइन तैयार किया जाएगा, उसे पहले कैबिनेट मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और उनकी अनुमति मिलने के बाद भी डिजाइन फाइनल किया जाएगा। इसके बाद ठेकेदार ढांचा तैयार करेगा और कारीगर मूर्ति और चौक के निर्माण का कार्य शुरु करेंगे।
शिवाजी की प्रतिमा और शक्तिदास चटर्जी चौक के निर्माण के लिए प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। दोनों कार्याें की निविदा जारी हो गई है और जल्द ही ठेका फाइनल करके काम भी शुरु करवा दिया जाएगा। इस पर लगभग 59 लाख रुपये खर्च होंगे।
पंकज सैनी, कार्यकारी अभियंता,नगर परिषद सदर, अंबाला।