कार की टक्कर से मजदूर की मौत, मामला दर्ज
मजदूरी कर घर लौट रहा था 40 वर्षीय दीपक गुलाटी
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। गांव कोड़वा खुर्द के नजदीक पैदल जा रहे व्यक्ति को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पुलिस ने उसकी पत्नी के बयानों के आधार पर कार चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव कोड़वा खुर्द का रहने वाला 40 वर्षीय व्यक्ति दीपक गुलाटी, जोकि मेहनत मजदूरी का काम करता था, बुधवार सुबह मजदूरी करने के लिए घर से गया था। जब वह शाम को लौट रहा था तो किसी वाहन ने उसे टक्कर मार कर घायल कर दिया था। दीपक सड़क किनारे बेहोश पड़ा हुआ था, जिसकी सूचना लोगों ने उसके घर दी। दीपक की पत्नी ने मौके पर पहुंच कर उसे अस्पताल लेकर गई तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहजादपुर पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।