एसडीएम ने बूथों का दौरा कर नए वोट बनाने के कार्य का लिया जायजा
फोटो नंबर :: 06
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। मतदाता विशेष अभियान के तहत रविवार को एसडीएम मीनाक्षी दहिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रेम नगर में विभिन्न बूथों का दौरा करके नए वोट बनाने के कार्य का जायजा लिया। उन्होंने इस मौके पर बूथ लेवल अधिकारियों को विशेष अभियान के तहत ही नहीं बल्कि बूथों पर आने वाले लोगों के वोट संबंधी कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर करने बारे कहा। एसडीएम ने बीते कल भी आईटीआई अंबाला शहर में बूथों का निरीक्षण किया था।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक सितंबर से 31 अक्तूबर तक मतदाता सूचियों में संशोधन किया जा रहा है। ऐसे मतदाता जो कार्यदिवसों में व्यस्त होने के कारण वोट नहीं बनवा सकते, उनके लिए शनिवार व रविवार के दिन यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने मतदाता से अपील की कि जिनकी आयु एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष की हो जाएगी, वे भी 31 अक्तूबर तक अपना वोट बनवाने के लिए बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में नाम शामिल करवाने के लिए अपने नजदीकी मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी से फॉर्म नंबर-6 लेकर उसके साथ जन्म प्रमाण पत्र, निवास स्थान का प्रमाण तथा 2 रंगीन फोटो प्रस्तुत करनी होगी। इसी प्रकार जो मतदाता स्थान छोड़कर चले गए हैं अथवा मृत्यु हो गई है ऐसे मतदाताओं के नाम सूचि से हटाने के लिए फॉर्म नंबर-7 भरकर बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसी प्रकार मतदाता अपने नाम या अन्य ब्यौरे में किसी प्रकार का शुद्धिकरण करवाने के लिए फार्म नंबर 8 भरकर दे सकता है। यह फार्म 31 अक्तूबर तक बूथ लेवल अधिकारी को दिए जा सकते हैं। इस मौके पर निर्वाचन कानूनगो अमित कुमार, सुमन मित्तल, निर्वाचन कानूनगो राजेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।