काली पलटून पुल तीन साल से बंद, सेना से लेकर रेलवे कॉलोनी, जंडली और कौलां वासी झेल रहे परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। रेलवे की लापरवाही से यहां अंबाला-लुधियाना रेलमार्ग पर स्थित काली पलटून पुल बीते करीब तीन वर्षों से बंद पड़ा है। पुल बंद होने से सेना की मूवमेंट तक प्रभावित हो रही है। इसके अलावा रेलवे कॉलोनी व आसपास क्षेत्र के निवासियों को आने-जाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दशकों पुराने इस पुल को नए सिरे से बनाने का कार्य रेलवे ने आरंभ किया था तो दावा किया था कि कुछ ही महीनों में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। मगर, यहां तीन वर्ष बीत गए हैं और जनता इसका खामियाजा भुगत रही है।
पुल के बंद होने से रेलवे कॉलोनी के निवासियों को अब जीटी रोड तक ही आने के लिए अंडरपास व रेलवे फाटक क्रॉस करना पड़ता है या फिर करीब दो किमी लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस वजह से क्षेत्र के निवासी परेशान है। मामले को लेकर सैन्य अफसर भी रेलवे अधिकारियों से मिल चुके हैं, मगर रेल की लेट-लतीफी जारी है। पुल को निर्माण जोकि कुछ माह में हो जाना चाहिए था वह अब तक पूरा नहीं हुआ है जिस कारण लोगों में रोष भी उठने लगा है। बता दें कि यह मामला कैंटोनमेंट बोर्ड की बैठक में भी सेना अधिकारी व पार्षद उठा चुके हैं और रेलवे कॉलोनी, हिम्मतपुरा, जंडली, कौलां के हजारों निवासी इस समस्या के कारण परेशान हैं।
केवल मामूली कार्य बाकी, फिर भी देरी
बता दें कि अंग्रेजों हुकूमत के समय बने काली पलटून पुल का मुख्य ढांचा सौ वर्ष से भी अधिक पुराना था जिस कारण रेलवे ने अब उसे बदल दिया है। पुराने ढांचे को हटाकर नया ढांचा अब लगाया गया है जोकि मुख्य कार्य था, मगर अब पुल के ऊपर रोड बनाना व अन्य मामूली कार्य ही शेष है जिसे पूरा नहीं किया जा रहा है। बीते तीन माह से यहां पर कार्य भी बंद पड़ा हुआ है।
यह बोले क्षेत्रवासी
रेलवे कॉलोनी निवासी दिनेश ने बताया कि उनका घर काली पलटून के पास स्थित है। उन्हें जीटी रोड या कैंट आने के लिए या तो कुछ किलोमीटर दूर अंडर पास से निकलना पड़ता है या फिर रेल फिर इससे आगे स्थित रेलवे फाटक से। तीन वर्ष से पुल बंद पड़ा है, ऐसा कौनसा बड़ा या तकनीकी निर्माण है जो रेलवे पूरा नहीं कर पा रही है। जंडली निवासी रिटायर्ड सूबेदार मनजीत सिंह ने कहा कि पहले कैंट आने के लिए सेना क्षेत्र से होकर काली पलटून से आसानी से आ जाते थे, मगर अब जंडली फाटक से आना पड़ता है और फाटक बंद होने की सूरत में परेशानी होती है।
कोट्स
कुछ तकनीकी कार्यों की वजह से पुल निर्माण में देरी हुई है। इस बारे बातचीत हुई है और अब आगामी एक या दो महीनों में पुल पर निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।
-दिनेश चंद्र शर्मा, डीआरएम, अंबाला।