घरेलू बिजली कनेक्शन पर निगम वसूलता रहा कॉमर्शियल चार्ज, अब देना होगा उपभोक्ता को बिल का अंतर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। बिजली उपभोक्ता को उस समय राहत मिली, जब उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता के घरेलू बिजली कनेक्शन पर जो कॉमर्शियल चार्ज लिया है, उसका अंतर लौटाया जाए। बीते दो सालों से उपभोक्ता अपने हक की लड़ाई लड़ रहा था।
उपभोक्ता देवी दयाल निवासी कैंट ने बताया कि साल 1996 में घरेलू बिजली कनेक्शन लिया था, परंतु निगम ने इसे बाद में कॉमर्शियल में बदल दिया और बिल को कॉमर्शियल दर से भेजा जाने लगा। इस बारे में जब पता चला, तो उन्होंने शिकायत एसडीओ क्वालिटी सब स्टेशन, एक्सईएन कैंट, एसई बिजली विभाग को भी दी, लेकिन समाधान नहीं हुआ, जबकि उसे अधिकारी परेशान करने लग गए। अधिकारियों ने साफ इनकार कर दिया कि वे इसे ठीक नहीं कर सकते, जबकि कनेक्शन कटवाकर नया कनेक्शन ले लें। इसके लिए सारी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। उपभोक्ता ने बताया कि इसके बाद उन्होंने सीएम विंडो पर शिकायत दी, जिस पर विभाग झूठा जवाब देकर शिकायत को लटकाते रहे। इसके बाद उन्होंने उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में अपनी बात रखी। फोरम ने दोनों पक्षों की बात सुनते हुए बिजली विभाग की आर्डर किया कि इनका कनेक्शन ठीक किया जाए। अब विभाग ने कनेक्शन को कॉमर्शियल से घरेलू में बदल दिया। उसके पश्चात जब उपभोक्ता ने अधिकारियों को अपने घरेलू कनेक्शन के पैसे जोकि कॉमर्शियल दर से लगभग 14 साल दिया थे, उनको वापस लेने के लिये प्रार्थना की तो उन्होंने इसे मानने से मना कर दिया। परेशान होकर देवीदयाल उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने ये शिकायत जनवरी 2018 में दी थी। अब फोरम ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद उपभोक्ता के हक में फैसला सुनाया। फोरम ने विभाग को आर्डर किया कि उपभोक्ता के कनेक्शन को घरेलू माना जाए और घरेलू और कॉमर्शियल के रुपयों का जो भी अंतर था, वह उपभोक्ता को वापस किया जाए।