पत्नी पर जानलेवा हमले के बंदी ने सेंट्रल जेल में के बाथरूम में लगाया फंदा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले में अंबाला सेंट्रल जेल में बंद बलदेव नगर निवासी प्रवीण ने बाथरूम में परने से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए शहर सिविल अस्पताल में मोर्चरी लाया गया।
सूत्रों के अनुसार प्रवीण पिछले कई दिन से सेंट्रल जेल में बंद था। शनिवार सुबह वह बैरक नंबर 7 से बाथरूम गया था और वहीं पर उसने अपने परने से फंदा लगाकर जान दे दी। प्रवीण के खिलाफ 8 जून को पुलिस ने कमलकांत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया था।
खत्रवाड़ा मोहल्ले में रहने वाले कमलकांत का कहना था कि उसकी बहन सुजाता की शादी प्रवीण निवासी शिवपुरी कॉलोनी अंबाला शहर से वर्ष 2011 में हुई थी। प्रवीण अक्सर सुजाता के साथ झगड़ा करता था। कई बार इस मामले में पंचायतें भी हुई थीं। 6 जून को सुजाता के साथ फिर मारपीट की गई। 7 जून को लहूलुहान अवस्था में सुजाता को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। सुजाता का कहना था कि उसके पति ने कुल्हाड़ी से उस पर वार किया। पुलिस ने प्रवीण पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। वह इसी मामले को लेकर पिछले कई दिन से अंबाला सेंट्रल जेल में बंद था।
--------
कोट
सेंट्रल जेल में प्रवीण ने परने से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पत्नी पर जानलेवा हमले के मामले में बंदी था।
- सुरेश, एएसआई, बलदेव नगर थाना।