मैरिज सर्टिफिकेट पर साइन कर काटे, तहसीलदार ने जताया कागजातों पर शक
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा (अंबाला)।
मैरिज सर्टिफिकेट पर तहसीलदार द्वारा कथित साइन करना और फिर उसे काट देने का मामला सीएम विंडो तक पहुंच गया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि मैरिज रजिस्टर्ड करने के नाम पर उनको परेशान किया जा रहा है। दूसरी ओर तहसीलदार का कहना है कि उनको शक हुआ है, जिस कारण इंग्लैंड से एनओसी मंगवाई है। मामला क्षेत्र के युवक द्वारा इंग्लैंड की युवती से शादी करने का है।
यह है मामला
उगाला निवासी श्रवण सिंह ने बेटे नमन सिंह की शादी 18 फरवरी 2018 को अंबाला स्थित एक होटल में जसप्रीत कौर निवासी इंग्लैंड (यूके) के साथ की थी। इसके बाद श्रवण सिंह के बेटे नमन सिंह ने बराड़ा तहसील में सभी दस्तावेज देकर फाइल जमा करवा दी और वर-वधू भी तहसीलदार के समक्ष पेश हुए। दावा है कि तहसीलदार ने फाइल ओके कर रीडर को कहा कि वे शादी की फाइल को जमा कर लें इनकी फाइल पूरी है, मैरिज रजिस्टर्ड कर दी जाए और दोनों को 23 फरवरी को कार्यालय आने को कहा। श्रवण ने बताया कि उसने पुत्रवधू को विदेश भेज दिया। जब बताए गए समय अनुसार कार्यालय पहुंचे तो मैरिज सर्टिफिकेट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि फाइल वापस न करने पर जब विरोध जताया, तो फाइल वापस कर दी गई। लेकिन इस फाइल में तहसीलदार के साइन कटे हुए थे। इस दौरान अधिकारी और पीड़ित पक्ष के बीच जमकर बहसबाजी भी हुई।
सीएम विंडो पर दी शिकायत
पीड़ित पक्ष का कहना है कि पहले सारे कागजात जमा करवाए गए और अधिकारी ने साइन तक कर दिए। बाद में जब फाइल लेने गए तो पता नहीं क्यों तहसीलदार ने इसे काट दिया। इसको लेकर अब पीड़ित पक्ष ने सीएम विंडो पर शिकायत देते हुए आरोप लगाए हैं। इसके बाद वे एसडीएम बराड़ा से भी मिले।
यह कहते हैं तहसीलदार
तहसीलदार रमेश अरोड़ा ने बताया कि फाइल के लिए इंग्लैंड से एनओसी मंगवाई थी, इसमें मुझे संतुष्टि नहीं हुई जिस कारण मैरिज रजिस्टर्ड नहीं की गई। जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं वे आधारहीन हैं, जबकि इस बारे में डीसी को भी बताया गया है। अगर कागजात पूरे होते हैं तो मैरिज रजिस्टर्ड कर दी जाएगी।
यह कहते हैं एसडीएम
एसडीएम बराड़ा गिरीश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष मिला था, जिसने सारी बात बताई है। इस संबंध में दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी और उसके आधार पर ही आगे कार्रवाई होगी।